लखनऊ। पत्रकार सत्ता
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 20103 की पेंट्रीकार से अनधिकृत पैकेज्ड पेयजल की 1140 बोतलें जब्त की हैं। औचक निरीक्षण के दौरान रेलवे और आईआरसीटीसी से अनुमोदित सूची में शामिल नहीं होने वाले ब्रांड का पानी मिलने पर पूरा स्टॉक कब्जे में ले लिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह के निर्देशन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक (पीएम) ओमकारनाथ वर्मा ने नियमित जांच अभियान के तहत ट्रेन संख्या 20103 की पेंट्रीकार का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान आईआरसीटीसी की अधिकृत सेवा प्रदाता संस्था मेसर्स एक्सप्रेस फूड सर्विस के नामित पेंट्री मैनेजर मौके पर मौजूद नहीं मिले। उनके स्थान पर सहायक पेंट्री मैनेजर पेंट्रीकार का संचालन कर रहे थे।
इसे भी देखें- चंद्रशेखर आजाद और स्वामी प्रसाद मौर्य ने नीट पेपर लीक पर सरकार को घेरा
निरीक्षण के दौरान पेंट्री स्टोर की गहन जांच में “EOINITA” ब्रांड के 95 कार्टन, जिनमें कुल 1140 पैकेज्ड पेयजल की बोतलें थीं, बरामद हुईं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ब्रांड रेलवे और आईआरसीटीसी द्वारा स्वीकृत पैकेज्ड पेयजल ब्रांडों की सूची में शामिल नहीं है। यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए पूरे स्टॉक को तत्काल जब्त कर लिया गया।
यह भी पढ़ें-प्रमोद तिवारी बोले इस्तीफा लोकतंत्र की जीत
रेलवे प्रशासन ने जब्त किए गए पैकेज्ड पेयजल को गोंडा जंक्शन स्टेशन पर उतारकर सुरक्षित अभिरक्षा के लिए एलपीओ गोंडा के सुपुर्द कर दिया। कार्रवाई के दौरान मंडल कैटरिंग इंस्पेक्टर के. के. शर्मा, फरीद अहमद सहित वाणिज्य विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
इसे भी जानें- पति से विवाद के बाद नदी में कूदी महिला का शव बरामद
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को केवल स्वीकृत और गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय सामग्री उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से ट्रेनों और स्टेशनों पर नियमित निरीक्षण अभियान चलाए जा रहे हैं। मामले में संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ रेलवे नियमों तथा संविदा की शर्तों के अनुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।




