पसमांदा समाज को इज्जत और इंसाफ का वादा, यूसुफ अंसारी बोले- आज़ाद समाज पार्टी देगी हक़ और हिस्सेदारी

पसमांदा समाज को इज्जत और इंसाफ का वादा

दिल्ली में स्वागत समारोह में बोले यूसुफ अंसारी- “अंबेडकर और कांशीराम के मिशन को आगे बढ़ाएंगे”

पत्रकार सत्ता ब्यूरो
नई दिल्ली। आज़ाद समाज पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय प्रवक्ता यूसुफ अंसारी ने कहा कि पार्टी पसमांदा मुसलमानों को सम्मान, न्याय और सत्ता में वास्तविक भागीदारी दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के समानता और सामाजिक न्याय के विचारों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।

यूसुफ अंसारी यह बातें ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ की दिल्ली इकाई की ओर से आयोजित स्वागत एवं बधाई समारोह में कहीं। कार्यक्रम में नवनियुक्त राष्ट्रीय प्रवक्ता यूसुफ अंसारी और दुबई से पहुंचे महाज़ के राष्ट्रीय सलाहकार ई. अख्तर हुसैन का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।

इसे भी पढ़ें- संजय सिंह का मोदी पर हमला, 15 वर्षीय बच्ची मामले में वीडियो जारी

पसमांदा समाज के सवालों पर हुआ संवाद

समारोह के दौरान महाज़ के पदाधिकारियों ने पसमांदा मुसलमानों की राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व को लेकर कई सवाल उठाए। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष शारिक अदीब अंसारी और ई. अख्तर हुसैन ने पूछा कि लंबे समय से बड़ी राजनीतिक पार्टियों में पसमांदा समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व क्यों नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि पसमांदा समाज को अक्सर केवल वोट बैंक के रूप में देखा गया, जबकि राजनीतिक फैसलों में उनकी भागीदारी सीमित रही। उन्होंने आज़ाद समाज पार्टी से समाज को सम्मान और हिस्सेदारी देने की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपेक्षा जताई।

इसे भी देखें- पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कथित हमले की घटना पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला

अंबेडकर-कांशीराम के मिशन को आगे बढ़ाएंगे

यूसुफ अंसारी ने सवालों का जवाब देते हुए कहा कि आज़ाद समाज पार्टी सामाजिक न्याय और बराबरी के सिद्धांतों पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का सपना था कि देश के हर नागरिक को सम्मान, न्याय और समान अधिकार मिले।

उन्होंने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने बहुजन समाज को राजनीतिक ताकत देने के लिए मिशन की शुरुआत की थी। अब पार्टी अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद इस मिशन को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

राष्ट्रीय प्रवक्ता पद और प्रतिनिधित्व का दिया उदाहरण

यूसुफ अंसारी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी देकर पसमांदा समाज को सम्मान दिया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी की उम्मीदवार सूची में भी पसमांदा समाज को प्रतिनिधित्व दिया गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलित, पिछड़े और मुसलमानों की एकजुटता बड़ी राजनीतिक शक्ति बन सकती है और आज़ाद समाज पार्टी इसी सामाजिक समीकरण के आधार पर आगे बढ़ रही है।

इसे भी जानें- आंध्र प्रदेश की विकास गति की पीएम मोदी ने की सराहना, युवाओं के लिए बताया सुनहरा अवसर

महाज़ ने किया समर्थन का ऐलान

कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आज़ाद समाज पार्टी को समर्थन देने का ऐलान किया। इस मौके पर ई. अख्तर हुसैन ने संगठन के जनहित कार्यों के लिए सहयोग भी प्रदान किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष शारिक अदीब अंसारी, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शारिद जमाल अंसारी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. आमिर अंसारी, प्रदेश महासचिव एडवोकेट जावेद अख्तर, प्रदेश सलाहकार समीन अंसारी, डॉ. रैहान असरारी, एडवोकेट आसमीन अली, विनय भूषण, आरिफ अज़ीज़, एडवोकेट ज़ाहिद ताज, शहनवाज़ अहमद अंसारी, पदमज पी. भूषण, रितेश सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नफ़ीस मंसूरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पसमांदा समाज के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प

ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ की दिल्ली इकाई ने कहा कि संगठन पसमांदा समाज के सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *