ट्रंप का नया दावा, होर्मुज को बताया ‘अमेरिकी इलाका’; ईरान ने कहा- जलडमरूमध्य बंद

ट्रंप ने होर्मुज को बताया ‘अमेरिकी इलाका’, ईरान ने कहा- जलडमरूमध्य बंद

पत्रकार सत्ता। डिजिटल डेस्क
नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अपने दावे को और आक्रामक बना दिया है। ट्रंप ने दोबारा एक नक्शा सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को “NEW U.S. Territory” यानी नया अमेरिकी क्षेत्र बताया गया है।

ट्रंप इससे पहले भी कह चुके हैं कि वह होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करने पर विचार कर रहे हैं। 14 अगस्त को उन्होंने कहा था कि ईरान को हराने के बाद वह इस जलमार्ग को अमेरिका का क्षेत्र घोषित कर सकते हैं। इसके बाद 21-22 अगस्त को उन्होंने फिर कहा कि वह फिलहाल होर्मुज को “अमेरिकी क्षेत्र” मानते हैं।

यह भी देखें- नेहा राठौर बोलीं- गालियां और FIR से नहीं डरती, राहुल गांधी ने कहा- मैं भी नहीं सुधर रहा

ईरान का पलटवार, कहा- बिना शर्त नहीं खुलेगा रास्ता

ईरान ने ट्रंप के दावे को स्वीकार नहीं किया है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य तब तक नहीं खोला जाएगा, जब तक अमेरिका अपनी नाकाबंदी और दबाव की नीति में बदलाव नहीं करता। ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रेजाई ने भी अमेरिका की कार्रवाई के खिलाफ कड़े तेवर दिखाए हैं।

होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल-आवागमन मार्गों में से एक है। युद्ध से पहले वैश्विक समुद्री तेल आपूर्ति का करीब पांचवां हिस्सा इस मार्ग से गुजरता था। ऐसे में यहां लंबे समय तक तनाव या आवाजाही में बाधा का असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और तेल की कीमतों पर पड़ सकता है।

इसे भी जानें- विवेकानंद पॉलीक्लीनिक के गेट पर अतिक्रमण का जाम, मरीज-तीमारदार बेहाल

नक्शे ने बढ़ाई चिंता

ट्रंप द्वारा साझा किए गए नक्शे में होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिकी क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक नक्शे में ईरान के उत्तरी तट का कुछ हिस्सा भी चिह्नित क्षेत्र में दिखाई देता है। ट्रंप की इस पोस्ट ने अमेरिका-ईरान तनाव को लेकर नई आशंकाएं पैदा कर दी हैं।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि ट्रंप का यह दावा केवल राजनीतिक दबाव बनाने की रणनीति है या अमेरिका वास्तव में होर्मुज पर स्थायी नियंत्रण की दिशा में आगे बढ़ेगा। दूसरी ओर, ईरान के कड़े रुख से इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को लेकर टकराव और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *