पैदल गश्त के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच, यातायात नियम तोड़ने वाले दोपहिया वाहनों के काटे चालान
ज़मीर हैदर। पत्रकार सत्ता
लखनऊ । बालागंज चौकी क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। एडीसीपी धनंजय सिंह कुशवाहा और एसीपी चौक शुभम कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम ने क्षेत्र में पैदल गश्त करने के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच की।
थाना ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में बालागंज चौकी प्रभारी मनुज मलिक ने पुलिस टीम के साथ प्रमुख मार्गों पर वाहन चेकिंग की। इस दौरान दोपहिया वाहनों के कागजात और यातायात नियमों के पालन की जांच की गई।
बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर की जांच
चेकिंग अभियान के दौरान विशेष रूप से बुलेट मोटरसाइकिलों में लगाए गए मॉडिफाइड साइलेंसर की भी जांच की गई। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किए।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वैध दस्तावेज साथ रखने और वाहनों में अनधिकृत बदलाव न करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट, लखनऊ




