पत्रकार सत्ता । डिजिटल डेस्क
नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के कर्मचारियों से मिर्च पाउडर का इस्तेमाल कर 4.53 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज बोरकर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली है।
घटना गुरुवार शाम नागपुर के सक्करदरा थाना क्षेत्र के भांडे प्लॉट इलाके में हुई। बैंक के अधिकारी और कर्मचारी ATM में नकदी डालने के बाद शाखा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने अचानक कर्मचारियों और अन्य स्टाफ की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। आंखों में जलन और कुछ देर के लिए दिखाई न देने का फायदा उठाकर आरोपी 4.53 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गया।
इसे भी देखें- मलिहाबाद में युवक को गोली मारने से सनसनी, पुरानी रंजिश में हमले की आशंका
शोर मचते ही सक्रिय हुई पुलिस
लूट के बाद बैंक कर्मचारियों ने शोर मचाकर आरोपी का पीछा किया। घटनास्थल के आसपास गश्त कर रहे बीट मार्शलों और डिटेक्शन ऑफ क्राइम टीम के जवानों ने भी आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस ने कुछ ही दूरी पर आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से लूटी गई पूरी 4.53 लाख रुपये की रकम बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
इसे भी पढ़ें- आकाश आनंद की सपा में एंट्री पर अखिलेश का बड़ा बयान, बोले- ‘आप लेकर आओ तो हम उन्हें पार्टी में शामिल कर लेंगे’
पहले से बना रखा था लूट का प्लान?
ताजा रिपोर्टों के मुताबिक पुलिस को प्रारंभिक जांच में आशंका है कि वारदात अचानक नहीं हुई थी। आरोपी को बैंक कर्मचारियों के ATM में नकदी डालने के समय की जानकारी थी और उसने इसी दौरान उन्हें निशाना बनाया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को नकदी पहुंचने की जानकारी कैसे मिली और क्या इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी।
CCTV फुटेज भी जांच का अहम आधार
घटना के बाद बैंक और ATM परिसर के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज में आरोपी के घटनास्थल पर आने और वारदात के बाद भागने की गतिविधियों को खंगाला जा रहा है। पुलिस लूट में इस्तेमाल किए गए मिर्च पाउडर और आरोपी की पूरी योजना के बारे में भी जांच कर रही है।
इसे भी जानें- सहारनपुर में नफरत का बुलडोजर फेल हुआ, हिंदू-मुस्लिम सौहार्द ने बचाया माहौल : निहाल अहमद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सूरज बोरकर, नागपुर ग्रामीण के भिवापुर तहसील के तातोली गांव का निवासी बताया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई सक्करदरा पुलिस कर रही है।




