सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक होगी सुनवाई, भवन मानचित्र से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान
निर्भय सक्सेना। पत्रकार सत्ता
बरेली। आमजन की सुविधा, पारदर्शिता और भवन मानचित्रों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) सितंबर 2026 से प्रत्येक बृहस्पतिवार ‘मानचित्र समाधान दिवस’ आयोजित करेगा। यह आयोजन बीडीए कार्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे के अनुसार इस पहल का उद्देश्य भवन मानचित्रों की स्वीकृति से संबंधित समस्याओं का एक ही मंच पर नियमानुसार और समयबद्ध समाधान करना है। इसमें आवेदकों और आर्किटेक्ट्स को संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी कार्मिकों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।
इसे भी जानें- रोटरी साउथ ने मनाया रंगीलो सावन, दीप्ति अग्रवाल बनीं तीज क्वीन
लो-रिस्क मानचित्रों का होगा त्वरित निस्तारण
प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत ले-आउट में स्थित भूखंडों के भवन मानचित्रों के लिए सभी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध होने पर नियमानुसार उसी दिन निस्तारण या अनुमोदन की कार्यवाही की जाएगी।
हाई-रिस्क मामलों में तेजी
हाई-रिस्क भवन मानचित्रों से जुड़े भू-उपयोग संबंधी मामलों में आवश्यक अभिलेख उपलब्ध होने पर नियमानुसार त्वरित भू-उपयोग आख्या उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी देखें- वंदे मातरम् पर सियासी घमासान तेज, शिवराज बोले- पूरा गाना पड़ेगा
तकनीकी आपत्तियों का मौके पर समाधान
मानचित्र स्वीकृति में आने वाली तकनीकी समस्याओं और आपत्तियों पर आवेदक अथवा आर्किटेक्ट संबंधित अधिकारियों से सीधे संवाद कर सकेंगे। इससे लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है।
शमन मानचित्रों की समस्याएं भी होंगी दूर
शमन मानचित्रों से संबंधित आपत्तियों और समस्याओं की भी अधिकारियों द्वारा समीक्षा की जाएगी और नियमानुसार समयबद्ध समाधान की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- जंतर-मंतर प्रदर्शन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, पांच सदस्यीय समिति करेगी बल प्रयोग की जांच
बीडीए के अनुसार इस व्यवस्था से लोगों को भवन मानचित्र से जुड़ी समस्याओं के लिए अलग-अलग पटल और कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। प्राधिकरण का कहना है कि बेहतर शहरी विकास के लिए जनभागीदारी और प्रशासन की जवाबदेही दोनों जरूरी हैं। इसी उद्देश्य से ‘मानचित्र समाधान दिवस’ को आवेदकों, आर्किटेक्ट्स और अधिकारियों के बीच सीधे संवाद का मंच बनाया जा रहा है।
रिपोर्ट: निर्भय सक्सेना, बरेली ब्यूरो




