पत्रकार सत्ता | नई दिल्ली ब्यूरो,
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को कर्नाटक से पुनर्निर्वाचित राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। उन्हें उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने संसद भवन स्थित अपने कक्ष में शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सदन के नेता जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू तथा अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें- नोएडा की हाईराइज सोसायटी में भीषण आग, AC में विस्फोट की आशंका; सभी निवासी सुरक्षित
शपथ लेने के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसे “गर्व और बड़ी जिम्मेदारी का क्षण” बताते हुए कहा कि वे राज्यसभा में जनता की आवाज, उनकी आकांक्षाओं और मुद्दों को पूरी निष्ठा के साथ उठाते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को जवाबदेह बनाए रखना विपक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और वे इस दायित्व का निर्वहन करते रहेंगे।
खड़गे ने हिंदी में शपथ ली और इस दौरान उनके हाथ में भारतीय संविधान की प्रति भी थी। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनके लंबे संसदीय अनुभव का लाभ राज्यसभा को मिलता रहेगा।
यह भी देखें- शिक्षा व्यवस्था देश की बुनियाद, अच्छी सीख अच्छा इंसान बनाती है: प्रयागराज में अखिलेश यादव
मल्लिकार्जुन खड़गे हाल ही में कर्नाटक से निर्विरोध राज्यसभा के लिए पुनर्निर्वाचित हुए हैं। वे वर्तमान में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष (Leader of the Opposition) की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।




