शिक्षा व्यवस्था देश की बुनियाद, अच्छी सीख अच्छा इंसान बनाती है: प्रयागराज में अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने शुरू किया 'Vision India' अभियान

पत्रकार सत्ता | प्रयागराज ब्यूरो,
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रयागराज में आयोजित ‘Vision India’ अभियान के पहले सम्मेलन में शिक्षा व्यवस्था को देश की सबसे मजबूत बुनियाद बताते हुए कहा कि “अच्छी सीख अच्छा इंसान बनाती है, ज़िन्दगी जीना सिखाती है। जो बुनियाद है हमारी, शिक्षा उस पर हम लोग बात करना चाहते हैं।” सम्मेलन का मुख्य विषय “शिक्षा-परीक्षा : व्यवस्था क्यों ध्वस्त हुई?” रखा गया, जिसमें शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, युवाओं के भविष्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। यदि शिक्षा व्यवस्था कमजोर होगी तो देश का भविष्य भी प्रभावित होगा।

इसे भी पढ़ें- प्रयागराज: नाबालिग को भगाने के आरोपी इमरान को उतरांव पुलिस ने किया गिरफ्तार

‘Vision India’ अभियान का उद्देश्य

अखिलेश यादव ने बताया कि Vision India केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की शिक्षा, रोजगार और विकास से जुड़े मुद्दों पर व्यापक जनसंवाद का अभियान है। इसके माध्यम से छात्रों, शिक्षकों, विशेषज्ञों और समाज के विभिन्न वर्गों से सुझाव लेकर भविष्य की नीति तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं की आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर एक सकारात्मक और प्रगतिशील विकास दृष्टि प्रस्तुत करना है।

शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा

सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, रिक्त पदों पर भर्ती में देरी और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार ने युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में छात्रों का विश्वास कमजोर हुआ है और केवल सतही सुधारों से समस्या का समाधान संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक और संरचनात्मक बदलाव की आवश्यकता है ताकि युवाओं को पारदर्शी एवं भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली मिल सके।

यह भी देखें- गरीब छात्रा को को मिला ₹20.98 करोड़ के लेनदेन का समन, जाने क्या है मामला?

प्रयागराज से शुरुआत क्यों?

समाजवादी पार्टी ने अपने इस अभियान की शुरुआत प्रयागराज से की है। यह शहर लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों का प्रमुख केंद्र माना जाता है। बड़ी संख्या में छात्र यहां रहकर विभिन्न सरकारी सेवाओं की तैयारी करते हैं। इसी कारण पार्टी ने शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था पर राष्ट्रीय विमर्श की शुरुआत के लिए प्रयागराज को उपयुक्त स्थान बताया।

युवाओं को जोड़ने की रणनीति

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि Vision India अभियान के जरिए समाजवादी पार्टी आगामी समय में युवाओं, छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से सीधे संवाद स्थापित करने का प्रयास कर रही है। इस अभियान में शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और सामाजिक विकास जैसे विषयों को प्रमुखता दी जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *