महुआ मोइत्रा ने बीजेपी पर लगाया सुनियोजित हमले का आरोप, पुलिस की भूमिका पर भी उठाए सवाल

महुआ मोइत्रा बीजेपी पर आरोप

पत्रकार सत्ता | कोलकाता
तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा ने पश्चिम बंगाल में हुई एक हिंसक घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राज्य पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। घटना के बाद उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर लगातार कई पोस्ट कर दावा किया कि उनके विधायक कार्यालय के बाहर कई घंटों तक हिंसक भीड़ ने उत्पात मचाया, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी रही।

महुआ मोइत्रा ने अपने पहले पोस्ट में पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक (DGP) और पश्चिम बंगाल पुलिस को टैग करते हुए आरोप लगाया था कि करीब दो घंटे तक पुलिस घटनास्थल पर मौजूद रहने के बावजूद भीड़ को नहीं हटा रही थी। उन्होंने दावा किया कि भीड़ उनके बाहर निकलने का इंतजार कर रही थी ताकि उनकी कार पर अंडे और पत्थर फेंके जा सकें। उन्होंने पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप की अपील भी की थी।

महुआ मोइत्रा ने पश्चिम बंगाल की हिंसा को लेकर सोशल मीडिया पर बीजेपी और पुलिस पर आरोप लगाए

इसके बाद किए गए एक अन्य पोस्ट में महुआ मोइत्रा ने घटना को “सहज जनाक्रोश नहीं, बल्कि भाजपा का सुनियोजित हमला” बताया। उन्होंने दावा किया कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों के हाथों में भाजपा के झंडे थे और इसी आधार पर उन्होंने हमले के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका होने का आरोप लगाया।

इसे भी पढ़ें- ‘खेत बचाओ अभियान’ में HURL की भागीदारी, टिकाऊ खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों पर दिया जोर

बाद में एक और पोस्ट में महुआ मोइत्रा ने कुछ राष्ट्रीय मीडिया संस्थानों की रिपोर्टिंग पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया के एक वर्ग ने घटना को गलत तरीके से प्रस्तुत किया। उनका कहना था कि यह किसी ढाबे या सार्वजनिक स्थान की घटना नहीं थी, बल्कि उनके विधायक कार्यालय के भीतर और बाहर चार घंटे से अधिक समय तक चली हिंसा थी, जिसे पुलिस के संरक्षण में अंजाम दिया गया। उन्होंने मीडिया संस्थानों से अपनी सुर्खियां बदलने की मांग भी की।

पत्रकार सत्ता के पास उपलब्ध वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़, नारेबाजी और पथराव जैसे दृश्य दिखाई देते हैं। हालांकि, वीडियो के आधार पर यह स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है कि पत्थरबाजी किस पक्ष द्वारा की गई या घटना किन परिस्थितियों में शुरू हुई।

यह भी जाने- पूरे देश में लागू हुआ ‘विकसित भारत-जी राम जी’, ग्रामीण रोजगार में बड़ा बदलाव

समाचार लिखे जाने तक पश्चिम बंगाल पुलिस अथवा भारतीय जनता पार्टी की ओर से महुआ मोइत्रा के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। पुलिस या भाजपा का पक्ष उपलब्ध होने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *