नेताजी सुभाष महिला महाविद्यालय में जलवायु परिवर्तन पर राष्ट्रीय परिचर्चा, बीबीए कक्ष का लोकार्पण और चार पुस्तकों का विमोचन
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ। अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि विकास की अवधारणा प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण को साथ लेकर आगे बढ़नी चाहिए। जहां कण-कण में देशभक्ति की भावना समाहित है, वहां प्रकृति से ही विकास का सही रास्ता सीखना होगा। अंडमान केवल द्वीपों का समूह नहीं, बल्कि भारत की सामरिक शक्ति और पर्यावरणीय धरोहर भी है। वहां विकास जरूर होगा, लेकिन प्रकृति और जीव-जंतुओं के अस्तित्व को सुरक्षित रखते हुए।
वह गुरुवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज में आयोजित जलवायु परिवर्तन पर राष्ट्रीय परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे। परिचर्चा का विषय ‘जलवायु परिवर्तन के दौर में द्वीपों का भविष्य’ था। इस अवसर पर बीबीए कक्ष का लोकार्पण और चार पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।
डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि समुद्री जीव-जंतु भी प्रकृति की भाषा समझते हैं। मनुष्य को भी प्रकृति के संकेतों को समझते हुए विकास की योजनाएं बनानी होंगी। उन्होंने कहा कि अंडमान की धरती नेताजी सुभाष चंद्र बोस और वीर सावरकर जैसे महान राष्ट्रभक्तों से जुड़ी है। यहां की हवा में ही देशभक्ति का भाव समाया हुआ है।
पिता की स्मृति में बने बीबीए कक्ष का किया लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने अपनी राज्यसभा निधि से निर्मित पंडित केदार नाथ शर्मा (पाधा जी) बीबीए कक्ष का लोकार्पण किया। कक्ष को अपने पिता की स्मृति में समर्पित करते हुए उन्होंने इस अवसर को भावुक क्षण बताया।
जलवायु परिवर्तन के संकट और समाधान पर हुआ मंथन
राष्ट्रीय परिचर्चा में प्रो. सीएम नौटियाल, प्रो. मुकुंद शर्मा, प्रो. व्यंकटेश दत्ता, प्रो. ध्रुवसेन सिंह तथा दूरदर्शन के निदेशक आत्म प्रकाश मिश्र ने जलवायु परिवर्तन के प्रभावों, द्वीपों के सामने खड़ी चुनौतियों और संभावित समाधानों पर विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की आवश्यकता पर जोर दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शालिनी श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संयोजन प्रो. कंचन लता तथा आयोजन सचिव प्रो. पूनम वर्मा ने किया। डॉ. भास्कर शर्मा ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया।
यह भी जानें- धनतेरस और दीपावली पर सुरक्षा को लेकर सड़क पर उतरे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, हजरतगंज में किया पैदल मार्च
समापन अवसर पर उपराज्यपाल ने प्रो. शालिनी श्रीवास्तव, प्रो. संजय बरनवाल, प्रो. राजीव यादव, प्रो. पूनम वर्मा, डॉ. श्वेता भारद्वाज और डॉ. रोशनी सिंह द्वारा संपादित चार पुस्तकों सहित अन्य शिक्षकों की पुस्तकों का विमोचन किया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, शिक्षकों और छात्राओं की उपस्थिति रही।
पत्रकार सत्ता, लखनऊ ब्यूरो




