बाजारों की सुरक्षा, यातायात और अतिक्रमण व्यवस्था का लिया जायजा, व्यापारियों से की बातचीत
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ। धनतेरस और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर बबलू कुमार और डीसीपी ने पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के साथ हजरतगंज बाजार में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। अधिकारियों ने सड़क और बाजारों में अतिक्रमण को लेकर आवश्यक निर्देश देते हुए आवागमन सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया।
इसे भी देखें- लखनऊ में स्कूल से गायब हुए सात छात्र-छात्राएं, एक घंटे में घंटाघर से बरामद; परिजनों ने ली राहत की सांस
त्योहारी खरीदारी के मद्देनजर हजरतगंज की सर्राफा दुकानों के बाहर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश पुलिसकर्मियों को दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बाजारों में भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया।
इसे भी जानें- टीईटी परीक्षा में फर्जीवाड़ा, दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा 47 वर्षीय मुन्नाभाई गिरफ्तार
धनतेरस के दिन बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात सुचारु रखने के लिए आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान बाजारों में सुरक्षा, सुगम यातायात और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।




