नौ वर्षों से बिजली और पेयजल सुविधा नहीं होने का दावा, योगी सरकार से शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
आगरा/लखनऊ। भीम आर्मी प्रमुख एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने आगरा के एक सरकारी विद्यालय की बदहाल स्थिति को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दावा किया कि आगरा के महाराजा सूरजमल इंटर कॉलेज में पिछले नौ वर्षों से न तो बिजली का कनेक्शन है और न ही पेयजल की व्यवस्था। इसके कारण छात्र और शिक्षक भीषण गर्मी में हाथ से पंखा झलकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह केवल एक विद्यालय की समस्या नहीं, बल्कि प्रदेश की सरकारी शिक्षा व्यवस्था की उपेक्षा का प्रतीक है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित करते हुए लिखा कि करोड़ों रुपये के प्रचार से ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के पोस्टर तो चमक रहे हैं, लेकिन सरकारी स्कूलों की बुनियादी सुविधाएं आज भी अधूरी हैं।
इसे भी जाने- ग्रेटर नोएडा की इलेक्ट्रॉनिक चिप फैक्ट्री में भीषण आग, दीवार गिरने से दो फायरकर्मियों की मौत
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि विद्यालयों में बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं तो शिक्षा सुधार के सरकारी दावे सवालों के घेरे में आते हैं।
हालांकि, इस मामले में समाचार लिखे जाने तक उत्तर प्रदेश सरकार अथवा आगरा जिला प्रशासन की ओर से चंद्रशेखर आजाद के दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्वतंत्र रूप से यह भी पुष्टि नहीं हो सकी है कि विद्यालय में बिजली और पेयजल की समस्या पिछले नौ वर्षों से लगातार बनी हुई है।
यह भी देखें- पसमांदा समाज को इज्जत और इंसाफ का वादा, यूसुफ अंसारी बोले- आज़ाद समाज पार्टी देगी हक़ और हिस्सेदारी
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2018 में ऑपरेशन कायाकल्प शुरू किया था। इस योजना का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, बिजली, फर्नीचर, बाउंड्री वॉल और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास करना है। सरकार के अनुसार प्रदेशभर में हजारों विद्यालयों में इस योजना के तहत आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया है।


