भागवत कथा के सार, हनुमान चालीसा पाठ और फूलों की होली से भक्तिमय हुआ गौरीशंकर पार्क
विजय सिंह । पत्रकार सत्ता
लखनऊ। राजाजीपुरम स्थित गौरीशंकर पार्क में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा एवं ज्ञान यज्ञ के विश्राम दिवस पर मंगलवार को श्रद्धालुओं ने कथा व्यास आचार्य मनोज कृष्ण जी महाराज के श्रीमुख से विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का श्रवण किया। कथा के दौरान दत्तात्रेय जी के 24 गुरुओं की कथा, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा उद्धव जी को दिए गए परम ज्ञान के उपदेश तथा शुकदेव जी के पूजन का भावपूर्ण वर्णन किया गया।
कथा व्यास ने महाराज परीक्षित के मोक्ष की कथा, व्यास जी की विदाई तथा श्रीमद्भागवत महापुराण के सार का विस्तार से वर्णन किया। कथा के उपरांत श्रद्धालुओं ने भक्तिमय वातावरण में फूलों की होली का आनंद लिया। फूलों की वर्षा के बीच श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में झूमते नजर आए।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन के दौरान मंच से श्रद्धालुओं को सुदामा जी के चावल प्रसाद स्वरूप वितरित किए गए। प्रसाद प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इसे भी देखें- अखिलेश यादव की मौजूदगी में राम गोपाल यादव और धनराज नथवानी ने दाखिल किया नामांकन
आयोजक विजय सिंह ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से लोगों को धर्म, भक्ति, संस्कार और सद्मार्ग का संदेश प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि कथा के सभी दिनों में श्रद्धालुओं ने जिस श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता की, वह आयोजन की सफलता का प्रमाण है।
यह भी जानें- अखिलेश यादव की मौजूदगी में राम गोपाल यादव और धनराज नथवानी ने दाखिल किया नामांकन
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव मिश्रा, पार्षद धर्मेंद्र सिंह, पूर्व पार्षद राजीव कृष्ण त्रिपाठी, प्रेम तिवारी, भारतीय जन सेवा दल के अध्यक्ष शैलेश बाजपेई ‘शीलू’ सहित बड़ी संख्या में सनातनी धर्मानुरागी एवं भगवत भक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन श्रद्धा, भक्ति और मंगलकामनाओं के साथ हुआ।
ब्यूरो रिपोर्ट, लखनऊ




