पत्रकार सत्ता | स्थानीय संवाददाता
आदर्श नगर पालिका परिषद, बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय में विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकासात्मक एवं जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने नगर पालिका कार्यालय में पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इसे भी पढ़ें- संपादकीय : पेपर लीक ll आखिर छात्रों का भविष्य कब तक दांव पर रहेगा?
डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि नगर पालिका परिषद का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका प्रशासन की प्राथमिकता शहर के समग्र विकास के साथ-साथ नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है। इसके लिए नियमित समीक्षा बैठकें और जनसुनवाई कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।




