पत्रकार सत्ता ब्यूरो
नई दिल्ली में 17वें एग्रीकल्चर लीडरशिप कॉन्क्लेव–2026 में बोलीं— खाद्य सुरक्षा के साथ अब पोषण सुरक्षा और टिकाऊ कृषि पर देना होगा विशेष जोर
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में कृषि क्षेत्र की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि देश ने खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन अब समय पोषण सुरक्षा, टिकाऊ कृषि और नवाचार आधारित खेती को प्राथमिकता देने का है।
केंद्रीय मंत्री नई दिल्ली में एग्रीकल्चर टुडे ग्रुप द्वारा आयोजित 17वें एग्रीकल्चर लीडरशिप कॉन्क्लेव–2026 को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने कृषि अनुसंधान, एग्रीबिजनेस, नीति-निर्माण, विकास संस्थानों और प्रगतिशील कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशेषज्ञों को ‘आउटस्टैंडिंग प्रोफेशनल अवार्ड्स–2026’ से सम्मानित किया।

इसे भी पढ़ें- यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का करेंगे बुंदेलखंड और पूर्वांचल का दौरा, संगठन को मजबूत करने पर रहेगा फोकस
कृषि क्षेत्र में नवाचार और साझेदारी पर जोर
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि भारत की कृषि को आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए कृषि वैज्ञानिकों, उद्योग जगत, स्टार्टअप, कृषि संस्थानों और किसानों को एक साझा लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से कृषि क्षेत्र नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
उन्होंने सम्मानित सभी विशेषज्ञों को बधाई देते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में उनके योगदान से देश की कृषि व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी तथा किसानों को आधुनिक तकनीकों का लाभ मिलेगा।
इसे भी जानें- यूपी कांग्रेस को बड़ा झटका: एआईसीसी सदस्य अशोक सिंह ने दिया इस्तीफा, खड़गे को भेजा पत्र
सम्मानित हुए कृषि क्षेत्र के विशेषज्ञ
कॉन्क्लेव में कृषि अनुसंधान, एग्रीबिजनेस, नीति-निर्माण और ग्रामीण विकास से जुड़े उत्कृष्ट कार्य करने वाले पेशेवरों को ‘आउटस्टैंडिंग प्रोफेशनल अवार्ड्स–2026’ प्रदान किए गए। केंद्रीय मंत्री ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कृषि क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने का आह्वान किया।




