प्रधानमंत्री को भेजे जाएंगे हस्ताक्षर
पत्रकार सत्ता
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से जुड़े दान राशि भूमि और निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अभियान की शुरुआत करते हुए केंद्र सरकार पर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया और लोगों से अभियान में शामिल होकर प्रधानमंत्री के नाम पत्र भेजने की अपील की।
रोहिणी के जापानी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश के लोगों को उम्मीद थी कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वास्तविक जिम्मेदार लोगों तक पहुंचने के बजाय उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है जिससे जनता का भरोसा कमजोर हुआ है।
इसे भी पढ़ें- रिश्वत मांगने वालों पर सख्ती का संदेश, मुख्यमंत्री विजय थलापति ने जनता से सीधे शिकायत करने को कहा
अरविंद केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि श्रीराम जन्मभूमि से जुड़े भूमि प्रकरण और निर्माण कार्य में कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि दान राशि के कथित गबन के मामले में गठित विशेष जांच दल और दर्ज मुकदमे केवल औपचारिक कार्रवाई हैं तथा वास्तविक दोषियों तक पहुंचने के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
आम आदमी पार्टी ने अभियान की शुरुआत सुंदरकांड पाठ के साथ की। इस अवसर पर सुनीता केजरीवाल तथा वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। पार्टी ने देशभर के लोगों से हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग का समर्थन करने की अपील की।
इसे भी जानें- राम के नाम पर विश्वासघात : केजरीवाल बोले राम के नाम पर वोट लेकर वादा नहीं निभाया
समाचार में उल्लिखित आरोप आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं के हैं। इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी अथवा संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।




