देश के 10 सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में यूपी के छह, बड़ौत पहले स्थान पर : आराधना मिश्रा

यूपी के छह शहर देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में, बड़ौत पहले नंबर पर

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सीआरईए की रिपोर्ट का हवाला देकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना, कहा- प्रदेश का कोई भी शहर प्रदूषण के सुरक्षित मानक पर नहीं

पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में वायु प्रदूषण को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था प्रभावित है तथा अब प्रदूषण लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने एक स्वतंत्र शोध संस्था की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि देश के दस सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में छह उत्तर प्रदेश के हैं और इनमें बड़ौत पहले स्थान पर है।

आराधना मिश्रा ने बताया कि सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीआरईए) की ओर से 5 नवम्बर 2026 को जारी ‘इंडिया मंथली एम्बिएंट एयर क्वालिटी स्नैपशॉट-अक्टूबर 2026’ रिपोर्ट में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के आधार पर प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति सामने आई है। उनके मुताबिक, देश के दस सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में बड़ौत (बागपत), खोड़ा (गाजियाबाद), गजरौला (अमरोहा), गाजियाबाद, नोएडा और मेरठ शामिल हैं। रिपोर्ट में बड़ौत, खोड़ा और गजरौला क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर बताए गए हैं।

यह भी पढ़ें- पत्रकार सत्ता 06 नवंबर E-पेपर, 2026 का अंक

उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर में बड़ौत में पीएम 2.5 का औसत स्तर 87 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और खोड़ा में 85 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। बड़ौत में 29 में से 24 दिन तथा खोड़ा में 31 में से 28 दिन प्रदूषण का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन के बताए मानक से चार गुना से अधिक रहा।

आराधना मिश्रा ने गजरौला, गाजियाबाद, नोएडा और मेरठ की स्थिति का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, इन शहरों में भी अक्टूबर के दौरान पीएम 2.5 का स्तर लगातार चिंताजनक बना रहा। गाजियाबाद में 31 में से 24 दिन, नोएडा में 25 दिन और मेरठ में 23 दिन प्रदूषण का स्तर डब्ल्यूएचओ के मानक से चार गुना से अधिक रहा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि रिपोर्ट में शामिल उत्तर प्रदेश के 27 शहरों में से 13 शहरों में अक्टूबर का औसत प्रदूषण डब्ल्यूएचओ के मानक से चार से छह गुना के बीच रहा, जबकि 11 शहरों में यह दो से चार गुना तक दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का कोई भी शहर डब्ल्यूएचओ की निर्धारित सुरक्षित सीमा के भीतर नहीं रहा।

इसे भी देखें- प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर ही संभव है विकास : डॉ. दिनेश शर्मा

उन्होंने पीएम 2.5 के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये बेहद सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकते हैं। इसका अधिक प्रभाव बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार लोगों पर पड़ने की आशंका रहती है।

आराधना मिश्रा ने प्रदेश सरकार से रिपोर्ट का संज्ञान लेकर वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ठोस और समयबद्ध कदम उठाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रचार और आयोजनों में व्यस्त है, जबकि आम लोगों को प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर प्रत्येक नागरिक के लिए शुद्ध हवा, शुद्ध पानी और शुद्ध भोजन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *