चिकित्सकों ने बताईं व्यावहारिक कठिनाइयां, स्वास्थ्य विभाग ने समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना
निर्भय सक्सेना। पत्रकार सत्ता
बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बरेली एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के बीच आईसीयू गाइडलाइंस 2026 के क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आईएमए भवन में हुई बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप जारी आईसीयू गाइडलाइंस के अनुपालन और निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम एवं क्लीनिकों को आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अंसारी, सीएमओ कार्यालय के जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. मीसम अब्बास तथा जिला मलेरिया अधिकारी शैलेन्द्र सिंह मौजूद रहे। इस दौरान बरेली के विभिन्न निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों से जुड़े चिकित्सकों ने आईसीयू सेवाओं के संचालन, निर्धारित मानकों और नई गाइडलाइंस के अनुपालन में आ रही समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। चिकित्सकों ने अपनी शंकाएं और सुझाव भी प्रस्तुत किए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने चिकित्सकों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि गाइडलाइंस का पालन सुनिश्चित करने के साथ ही चिकित्सा संस्थानों को आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का भी उचित समाधान निकाला जाए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
यह भी जानें- प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर ही संभव है विकास : डॉ. दिनेश शर्मा
आईएमए बरेली के अध्यक्ष डॉ. डीपी गंगवार ने कहा कि आईसीयू गाइडलाइंस का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हालांकि, इनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अस्पतालों की उपलब्ध सुविधाओं और स्थानीय परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आईएमए प्रशासन और चिकित्सक समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेगा।
आईएमए के मानद सचिव डॉ. मोहित अग्रवाल ने कहा कि निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों के चिकित्सकों के सामने नई गाइडलाइंस के अनुपालन को लेकर कई व्यावहारिक चुनौतियां हैं। ऐसे में चिकित्सकों की शंकाओं का समाधान और स्पष्ट दिशा-निर्देश मिलना आवश्यक है, जिससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही सभी स्वास्थ्य संस्थान निर्धारित नियमों का सुचारू रूप से पालन कर सकें।
इसे भी देखें- गंगा उत्सव पर रंगोली और दीपदान से जगमगाया गोमती उद्गम स्थल, 700 विद्यार्थियों ने लिया क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा
बैठक में आईएमए के कोषाध्यक्ष डॉ. राजवीर सिंह गंगवार, डॉ. पूजा गोयल, डॉ. निलय राज महाजन और डॉ. नासिरुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : निर्भय सक्सेना, बरेली




