गंगा उत्सव पर रंगोली और दीपदान से जगमगाया गोमती उद्गम स्थल, 700 विद्यार्थियों ने लिया क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा

पीलीभीत में गंगा उत्सव: रंगोली और दीपदान से जगमगाया गोमती उद्गम स्थल

स्कूली बच्चों ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर दिया नदी संरक्षण का संदेश, 21 बच्चों की आरती टीम हुई सम्मानित

पत्रकार सत्ता ब्यूरो
पीलीभीत। गंगा उत्सव के अवसर पर गोमती उद्गम स्थल पर आस्था, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। जिला गंगा समिति, पीलीभीत के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर नदियों और उनके घाटों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। वहीं, रंगोली प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता और शाम को आयोजित भव्य दीपदान एवं आरती ने गोमती उद्गम स्थल को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वोदय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा विद्यालय से गोमती उद्गम स्थल तक निकाली गई स्वच्छता जागरूकता रैली से हुआ। विद्यार्थियों ने मां गोमती के दर्शन कर नदी संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इसके बाद आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में इको फ्रेंडली ग्रुप ने प्रथम, अरण्य ग्रुप ने द्वितीय और धरोहर ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, क्विज प्रतियोगिता में कक्षा एक से 12वीं तक के करीब 700 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

पीलीभीत में गंगा उत्सव: रंगोली और दीपदान से जगमगाया गोमती उद्गम स्थल

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य एवं जिला पंचायत सदस्य ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले अन्य विद्यार्थियों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

इसे भी पढ़ें- पत्रकार सत्ता 05 नवंबर E-पेपर, 2026 का अंक

शाम को मां गोमती की भव्य आरती और दीपोत्सव का आयोजन किया गया। दीपों की रोशनी से गोमती उद्गम स्थल जगमगा उठा और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। इस अवसर पर नियमित रूप से गोमती आरती करने वाली 21 बच्चों की टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में डीएफओ सामाजिक वानिकी भरत कुमार डीके, उप प्रभागीय वनाधिकारी रमेश चौहान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास श्रीवास्तव, जिला परियोजना अधिकारी सौरभ सिंह, जेआरएफ डॉ. आदर्श कुमार, गोमती सेवक निर्भय सिंह, राममूर्ति सिंह, विजेंद्र सिंह, नरेश सिंह, राजीव, महिपाल और मैकूलाल सहित मां गोमती के आरती सेवक विक्की कश्यप, रजत, विवेक, कुणाल जोशी, नेहाल जोशी, भूपेंद्र गिरी, जितेंद्र कश्यप, मिथुन, अश्वनी, सोनू और सुमित शर्मा आदि मौजूद रहे।

इसे भी जानें- धनतेरस और दीपावली पर सुरक्षा को लेकर सड़क पर उतरे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, हजरतगंज में किया पैदल मार्च

नदियों और घाटों की स्वच्छता सरकार की प्राथमिकता : भरत कुमार डीके

इस अवसर पर डीएफओ सामाजिक वानिकी भरत कुमार डीके ने कहा कि नदियों का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आमजन और विशेषकर युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। नदियों को स्वच्छ रखना, उनके घाटों की साफ-सफाई करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों की सहभागिता को सराहनीय बताते हुए कहा कि बच्चों में अभी से प्रकृति और जलस्रोतों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।

मुख्य अतिथि गोकुल प्रसाद मौर्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ नदियों और नदी घाटों की स्वच्छता सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री स्वयं इस विषय को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने लोगों से भी नदियों को स्वच्छ और संरक्षित रखने के लिए सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

पत्रकार सत्ता, पीलीभीत ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *