टीईटी परीक्षा में फर्जीवाड़ा, दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा 47 वर्षीय मुन्नाभाई गिरफ्तार

लखनऊ टीईटी परीक्षा में फर्जीवाड़ा, 47 वर्षीय मुन्नाभाई गिरफ्तार

हुसैनगंज पुलिस ने बप्पा श्रीनारायण वोकेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज से पकड़ा, कूटरचित आधार कार्ड और प्रवेश पत्र समेत कई दस्तावेज बरामद

ज़मीर हैदर
लखनऊ। राजधानी में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दौरान फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। हुसैनगंज पुलिस ने दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहे 47 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फतेहपुर निवासी निहाल अहमद के रूप में हुई है। वह बप्पा श्रीनारायण वोकेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज में दूसरे अभ्यर्थी बनकर परीक्षा दे रहा था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी विश्वनाथ कुमार वर्मा के स्थान पर परीक्षा में शामिल हुआ था। इसके लिए उसने कथित तौर पर कूटरचित आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था। परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद हुसैनगंज पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी देखें- जौनपुर के 4.12 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगी गैस रिफिल सब्सिडी, दीपावली और होली पर खातों में आएगी धनराशि

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मूल आधार कार्ड, प्रवेश पत्र, प्रश्न पुस्तिका और ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद दस्तावेजों की जांच के साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल है या नहीं।

आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।

इसे भी जानें- भेदभाव और तुष्टिकरण से मुक्त व्यवस्था ही रामराज्य की संकल्पना : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी की जगह शामिल होने का यह मामला परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस का कहना है कि परीक्षा में अनुचित तरीके अपनाने और फर्जी दस्तावेजों के जरिए शामिल होने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- पत्रकार सत्ता, लखनऊ ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *