मायावती ने बीमारी की अफवाहों पर लगाया विराम, आकाश आनंद पर फिर साधा निशाना

मायावती ने बीमारी की अफवाहों पर लगाया विराम

बोलीं—मैं पूरी तरह स्वस्थ, आकाश अब भी अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में; रात में फोन कर पूछा था बहनजी बीमार हैं क्या

ज़मीर हैदर । पत्रकार सत्ता
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपनी बीमारी को लेकर चल रही अफवाहों पर रविवार को स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और पार्टी के कामकाज में सक्रिय हैं। उन्होंने इस दौरान अपने भतीजे आकाश आनंद पर भी तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि वह अब भी अपने ससुर एवं बसपा के पूर्व नेता अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में काम कर रहे हैं।

मायावती ने पत्रकारों को बुलाकर अपना वीडियो जारी किया। इसके पीछे पार्टी के भीतर चल रही उन चर्चाओं को खत्म करना माना जा रहा है, जिनमें उनके अस्वस्थ होने की बातें कही जा रही थीं। मायावती ने कहा कि उनकी सेहत को लेकर गलत और भ्रामक सूचनाएं फैलाई जा रही हैं।

इसे भी देखें- नीम करोली बाबा की ‘हनुमान अंश’ का दुनियाभर में डंका, 250 करोड़ के करीब पहुंची कमाई

आकाश ने रात में किया था फोन

मायावती के अनुसार, आकाश आनंद ने शनिवार रात करीब दस बजे पार्टी के प्रभारी आलोक कुमार को फोन किया था। आकाश ने उनसे पूछा कि क्या बहनजी की तबीयत खराब चल रही है। आलोक कुमार ने जवाब दिया कि मायावती बिल्कुल ठीक हैं। इसके बाद आकाश ने उनसे यह बात मायावती को नहीं बताने के लिए कहा। यह बात सामने आने के बाद मायावती ने आकाश के फोन करने की मंशा पर सवाल उठाया है।

मायावती ने यह भी आरोप लगाया कि आकाश अभी भी अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव से बाहर नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि आकाश अपने विवेक से काम करने के बजाय दूसरों के कहने पर फैसले ले रहे हैं।

इसे भी पढ़ें- SBI में मिर्च पाउडर फेंककर 4.53 लाख की लूट, कुछ ही देर में पुलिस ने आरोपी को दबोचा

बीमारी की अफवाहों पर कार्यकर्ताओं को चेताया

बसपा प्रमुख ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपनी सेहत को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी से निष्कासित किए गए कुछ लोग उनके स्वास्थ्य को लेकर गलत सूचनाएं फैलाकर कार्यकर्ताओं में भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

मायावती का यह बयान ऐसे समय आया है जब बसपा के भीतर आकाश आनंद को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। हाल में मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से बाहर कर दिया था। इसके बाद आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की, लेकिन इसके बावजूद मायावती ने आकाश को पार्टी में कोई जिम्मेदारी देने से इनकार किया।

इसे भी जानें- बरेली से जीतकर उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने थे गोविंद बल्लभ पंत

भतीजों को राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं

मायावती ने शनिवार को स्पष्ट किया कि उनके दोनों भतीजे आकाश आनंद और ईशान आनंद को बसपा में कोई राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। उन्होंने इसे अपना अंतिम निर्णय बताया।

इस घटनाक्रम से बसपा के भीतर परिवार और राजनीतिक नेतृत्व को लेकर चल रही बहस और तेज हो गई है। आकाश आनंद कभी मायावती के राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में देखे जाते थे, लेकिन पिछले कुछ समय में उनके और मायावती के बीच मतभेद सार्वजनिक रूप से सामने आते रहे हैं।

बीमारी की चर्चा के बीच मायावती का संदेश

मायावती का ताजा वीडियो ऐसे समय आया है जब बसपा में लगातार संगठनात्मक बदलाव और आकाश आनंद को लेकर उठापटक चल रही है। ऐसे में अपने स्वास्थ्य को लेकर सीधे वीडियो के माध्यम से स्थिति स्पष्ट करना पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच चल रही अटकलों को रोकने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

मायावती ने साफ संदेश दिया कि उनकी सेहत को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न किया जाए और कार्यकर्ता पार्टी संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दें।

रिपोर्ट- पत्रकार सत्ता, लखनऊ ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *