काकोरी ट्रेन एक्शन के शहीदों से प्रेरणा लें युवा : सुरेश
निर्भय सक्सेना। पत्रकार सत्ता
बरेली। अखिल भारतीय साहित्य परिषद ब्रज प्रांत, बरेली के तत्वावधान में काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं बरसी के अवसर पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें काकोरी ट्रेन एक्शन के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए युवा पीढ़ी से उनके अमिट बलिदान और आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में रचनात्मक योगदान देना चाहिए।
वरिष्ठ साहित्यकार निरुपमा अग्रवाल के प्रभात नगर स्थित आवास पर आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता एसके कपूर हंस ने की, जबकि संचालन डॉ. दीपांकर गुप्त ने किया। परिषद के पदाधिकारियों ने क्रांतिकारियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

ये भी पढ़ें- मायावती ने सरकारों से की ‘हर हाथ को काम’ देने की अपील, खाली पदों पर भर्ती की मांग
गोष्ठी को संबोधित करते हुए साहित्य परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. सुरेश बाबू मिश्रा ने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन के 101 वर्ष पूरे हो चुके हैं। यह स्वतंत्रता आंदोलन का अहम मोड़ साबित हुआ। लोगों के दिलों में जल रही क्रांति की आग धीरे-धीरे दावानल में बदल गई और आगे चलकर अंग्रेजी साम्राज्य को भारत छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी काकोरी के शहीदों के अमिट बलिदान और आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश के विकास में अपना रचनात्मक योगदान दे।
वरिष्ठ पत्रकार निर्भय सक्सेना ने भी काकोरी ट्रेन एक्शन के शहीदों को स्मरण करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।
जिला अध्यक्ष डॉ. बृजेश कुमार शर्मा ने कहा कि आजादी की लड़ाई में काकोरी केस बेहद चर्चित रहा। इस घटना के बाद देश के अनेक नौजवान भारत मां की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए आगे आए और स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा मिली।
इसे भी देखें- JPSC-JSSC आंदोलन में बड़ा मोड़: भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र महतो से सरकार ने की बात
इस अवसर पर प्रांतीय पदाधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार गुप्ता ने देशभक्ति से ओत-प्रोत काव्य पाठ किया। उनकी रचनाओं ने गोष्ठी के वातावरण को राष्ट्रभक्ति की भावना से भर दिया।

कार्यक्रम में साहित्यकार निरुपमा अग्रवाल को ‘अटल साहित्य शिरोमणि सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पत्रकार संजीव गंभीर एवं अमरजीत सिंह को ‘अटल पत्रकार गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया गया।
गोष्ठी में गंगाराम पाल, संजीव शंखधार, सुमित गुप्ता, उमेश चंद्र गुप्ता, प्रमोद मिश्रा और रितेश साहनी ने काव्य पाठ कर देशभक्ति की धारा प्रवाहित की।
इसे भी जानें- मोजतबा खामेनेई की सेहत पर फिर उठे सवाल, सामने आया नया वीडियो
अध्यक्षीय उद्बोधन में कवि एसके कपूर हंस ने कहा कि 9 अगस्त स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में महत्वपूर्ण दिन है। काकोरी ट्रेन एक्शन ने देश की आजादी के आंदोलन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि देश को इन शहीदों का सदैव आदर और सम्मान के साथ स्मरण करना चाहिए।
अंत में निरुपमा अग्रवाल ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट : वरिष्ठ पत्रकार निर्भय सक्सेना, बरेली




