चुनावी मोड में आयी भाजपा , यूपी में क्षेत्र और मोर्चा प्रभारियों की नई टीम उतारी

भाजपा ने यूपी में क्षेत्र और मोर्चा प्रभारियों की नई टीम घोषित की

छह क्षेत्रों और सात मोर्चों की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को, संगठन विस्तार पर जोर

पत्रकार सत्ता डिजिटल डेस्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश के छह क्षेत्रों और सात मोर्चों के लिए नए प्रभारियों की घोषणा की है। नई सूची में 13 नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से घोषित जिम्मेदारियों में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक समूहों से जुड़े मोर्चों की कमान सौंपी गई है। पार्टी का फोकस अब क्षेत्रीय संगठन को मजबूत करने के साथ बूथ स्तर तक गतिविधियों को गति देने पर माना जा रहा है।

इसे भी जानें- चन्द्रशेखर का ‘मंडल बम: 60% पिछड़ों की हिस्सेदारी की मांग से यूपी की सियासत में भूचाल

छह क्षेत्रों की जिम्मेदारी

पार्टी की नई व्यवस्था के तहत प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान को पश्चिम क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। प्रदेश महामंत्री गीता शाक्य को ब्रज, शंकर लोधी को कानपुर, दिलीप पटेल को अवध और अभिजात मिश्र को गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह काशी क्षेत्र के प्रभारी होंगे।

इस नियुक्ति के जरिए भाजपा ने प्रदेश के प्रमुख संगठनात्मक क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी देकर क्षेत्रीय गतिविधियों की निगरानी मजबूत करने का प्रयास किया है।

सात मोर्चों पर भी बदली जिम्मेदारी

भाजपा ने विभिन्न सामाजिक और वर्गीय समूहों के बीच संगठन की सक्रियता बढ़ाने के लिए मोर्चों के प्रभारियों की भी घोषणा की है।

प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को युवा मोर्चा, संजय राय को पिछड़ा मोर्चा और प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह को अनुसूचित मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। कामेश्वर सिंह को महिला मोर्चा, डॉ. प्रियंका रावत को अनुसूचित जनजाति मोर्चा, देवेश कोरी को अल्पसंख्यक मोर्चा और शंकर गिरी को किसान मोर्चे की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश मुख्यालय पर भी नई जिम्मेदारियां

संगठन के प्रदेश मुख्यालय के कामकाज के लिए भी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। पूर्व प्रदेश महामंत्री और विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ल को मुख्यालय प्रभारी बनाया गया है। प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर को विस्तारक योजना का संयोजक बनाया गया है। वहीं अर्चना मिश्रा ‘मन की बात’ की संयोजक और प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि सह-संयोजक होंगे।

2027 के लिए संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी

भाजपा की इन नियुक्तियों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को अधिक सक्रिय करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। क्षेत्र प्रभारियों के जरिए जिलों और मंडलों में संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।

वहीं युवा, पिछड़ा, अनुसूचित जाति, महिला, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक और किसान मोर्चों के प्रभारी अपने-अपने सामाजिक समूहों के बीच पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।

यह भी पढ़ें- अरुणाचल पर चीन की ‘नाम बदलो’ नीति को भारत का जवाब, 27 स्थान आधिकारिक नक्शे में दर्ज

नई टीम के सामने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों को गति देने की चुनौती होगी।

क्षेत्र प्रभारी

रामप्रताप सिंह चौहान — पश्चिम क्षेत्र
गीता शाक्य — ब्रज क्षेत्र
शंकर लोधी — कानपुर क्षेत्र
दिलीप पटेल — अवध क्षेत्र
रमेश सिंह — काशी क्षेत्र
अभिजात मिश्र — गोरखपुर क्षेत्र

मोर्चा प्रभारी

राजेश चौधरी — युवा मोर्चा
संजय राय — पिछड़ा मोर्चा
डॉ. धर्मेंद्र सिंह — अनुसूचित मोर्चा
कामेश्वर सिंह — महिला मोर्चा
डॉ. प्रियंका रावत — अनुसूचित जनजाति मोर्चा
देवेश कोरी — अल्पसंख्यक मोर्चा
शंकर गिरी — किसान मोर्चा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *