चावल के टुकड़ों में रंग मिलाकर तैयार हो रहा था कथित नकली मसाला
पत्रकार सत्ता न्यूज़
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक मसाला निर्माण इकाई पर छापेमारी कर कथित रूप से नकली हल्दी और अन्य मसालों के निर्माण का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में कच्चा माल, तैयार मसाले और रंग बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग ने पीतांबरा इंटरप्राइजेज नामक मसाला फैक्ट्री पर छापा मारा। जांच के दौरान अधिकारियों को 77 बोरी चावल के टुकड़े, 42 बोरी कथित नकली हल्दी पाउडर, बड़ी मात्रा में मिर्च व धनिया पाउडर तथा लिक्विड फूड कलर मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि चावल के टुकड़ों में पीला रंग मिलाकर हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था।
इसे भी पढ़ें- ‘धार्मिक आरक्षण बिना परीक्षा 100% मिलता है’ : पूर्व आईपीएस डॉ. बी.पी. अशोक का दावा, छिड़ी नई बहस
अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए माल की अनुमानित कीमत करीब 5.86 लाख रुपये है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी देखें- आगरा के सरकारी इंटर कॉलेज की बदहाली पर चंद्रशेखर आजाद का हमला, बोले- पोस्टर चमक रहे, स्कूल नहीं
खाद्य विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और फैक्ट्री के संचालन व सप्लाई नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।




