राहत-बचाव अभियान के दौरान हादसा, तीन दमकलकर्मी घायल; आग के कारणों की जांच शुरू
पत्रकार सत्ता न्यूज़
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली आईएलजीआईएम (ILGIM) कंपनी में लगी भीषण आग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आग बुझाने के लिए चल रहे राहत एवं बचाव अभियान के बीच कंपनी की एक दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में पांच दमकलकर्मी आ गए। हादसे में दो फायरकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
दमकल विभाग के अनुसार सोमवार देर रात कंपनी में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के प्रयास के दौरान कंपनी की एक साइड की दीवार और लोहे का बीम भरभराकर गिर पड़ा। मलबे में दबने से मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, अमित कुमार और रोहित यादव घायल हो गए।
इसे भी देखें-आजाद समाज पार्टी और भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल
सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और अमित कुमार का उपचार जारी है। अधिकारियों के अनुसार तीनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका के मद्देनजर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। संयुक्त अभियान चलाकर राहत कार्य पूरा किया गया।
इसे भी जानें- अमेठी में स्वामी प्रसाद का भाजपा पर तीखा हमला, समीक्षा बैठक में दलित, ओबीसी और बेरोजगारी के मुद्दे उठाए
दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक फायरकर्मियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




