स्वामी प्रसाद मौर्य का भाजपा पर हमला, बोले- दलित, पिछड़ों और युवाओं के साथ हो रहा अन्याय
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
अमेठी। अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने जनपद अमेठी के पेंडारा (शिवतरनगंज), तिलोई क्षेत्र में आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा की केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कानून-व्यवस्था, दलित और पिछड़े वर्ग की सुरक्षा, बेरोजगारी, शिक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में ओबीसी और दलित समाज के लोगों के खिलाफ अत्याचार और हत्या की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यक्रम के आयोजकों को भी धमकियां दी गईं और सभा स्थल उपलब्ध कराने वालों पर दबाव बनाया गया।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने कार्यक्रम रुकवाने के लिए विद्यालय की इमारत गिराने तक की धमकी दी। इस पर उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “अगर हिम्मत है तो इमारत गिराकर दिखाइए, हम अपने खर्च से 10 लाख रुपये लगाकर उसे फिर से बनवा देंगे।”
इसे भी पढ़ें- पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कथित हमले की घटना पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला
भाजपा पर हमला बोलते हुए मौर्य ने आरोप लगाया कि पार्टी ने समाज को धर्म के आधार पर बांटकर सत्ता हासिल की है। उन्होंने कहा कि जनता के मूल मुद्दों—रोजगार, शिक्षा और महंगाई—से ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, सरकारी नौकरियां कम होती जा रही हैं और प्रतियोगी परीक्षाएं भी पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित हो रही हैं। उनके अनुसार इससे लाखों युवाओं का भविष्य संकट में पड़ गया है।
इसे भी जाने- कुलगाम में प्रवासी मजदूरों की हत्या पर चंद्रशेखर का हमला, बोले- सरकार बताए आतंकी बार-बार कैसे घुस रहे हैं?
स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रदेश सरकार पर सरकारी विद्यालयों को बंद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने बढ़ती महंगाई, रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर भी सरकार की आलोचना की और कहा कि आम जनता आर्थिक बोझ से परेशान है।
समीक्षा बैठक में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और संवैधानिक अधिकारों के मुद्दों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया।

