पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की स्वीकृत एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगली समीक्षा बैठक तक सभी परियोजनाओं में अपेक्षित भौतिक एवं वित्तीय प्रगति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
उदयगंज स्थित विभागीय मुख्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने परियोजनाओं की प्रगति, बजट उपयोग और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की। कई परियोजनाओं में धीमी प्रगति और बजट के अपेक्षित उपयोग न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

इेसे भी पढ़ें- प्रियंका गांधी ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
स्वतंत्र देव सिंह ने विभागाध्यक्ष को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य पूरे न करने वाले अधिकारियों को तत्काल नोटिस जारी कर उनकी जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ निलंबन सहित कठोर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि जनहित की परियोजनाओं के लिए उपलब्ध कराई गई धनराशि का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग अधिकारियों की जिम्मेदारी है। परियोजनाओं में देरी से विकास कार्य प्रभावित होते हैं और जनता को उसका नुकसान उठाना पड़ता है।
इसे भी देखें- एक करोड़: जंतर मंतर छात्र आंदोलन से जुडी माँ की ममता पर मार्मिक लघुकथा
बैठक में विभागीय परिसंपत्तियों के रखरखाव की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने पुल, पुलिया, सायफन और अन्य संरचनाओं का सर्वे कर आवश्यक मरम्मत कराने तथा डेंटिंग-पेंटिंग एवं सौंदर्यीकरण का विशेष अभियान चलाकर दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन अनिल गर्ग, विभागाध्यक्ष संदीप कुमार, प्रमुख अभियंता (परियोजना) रमेश चंद्र वर्मा, प्रमुख अभियंता अवधेश कुमार समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इसे भी जानें- जौहर यूनिवर्सिटी पर मायावती की नसीहत, बुलडोजर की जगह संस्थानों को नियमित करने की मांग




