छिनैती गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार, दो मंगलसूत्र, नकदी, तमंचा और दो बाइक बरामद

प्रयागराज में छिनैती गैंग गिरफ्तार

प्रयागराज। पत्रकार सत्ता।
प्रयागराज कमिश्नरेट पुलिस को छिनैती और चोरी की वारदातों के खुलासे में बड़ी सफलता मिली है। थाना हंडिया और एसओजी/सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त टीम ने “डेंजर जोन 2255” नामक गैंग के तीन वांछित बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, एक मोबाइल फोन, ₹12,700 नकद, एक अवैध तमंचा, एक कारतूस तथा घटनाओं में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी गंगानगर, अपर डीसीपी गंगानगर तथा एसीपी हंडिया के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार को थाना हंडिया क्षेत्र के भेस्की रेलवे ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इसे भी देखें- पति से विवाद के बाद नदी में कूदी महिला का शव बरामद

पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को भेस्की रेलवे ओवरब्रिज के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से मंगलसूत्र, मोबाइल फोन और नकदी से भरा पर्स छीन लिया था। इस घटना के बाद थाना हंडिया में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई और पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे “डेंजर जोन 2255” नाम से गैंग संचालित करते थे और योजनाबद्ध तरीके से छिनैती व लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। गैंग का संचालन अश्वनी भारतीया करता था, जिसे वारदात के बाद लूटे गए माल में हिस्सा दिया जाता था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि लोगों को डराने और विरोध होने पर फायरिंग करने के उद्देश्य से वे अवैध तमंचा अपने साथ रखते थे।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि इसी गैंग ने 16 मई 2026 को थाना सरायममरेज क्षेत्र तथा 19 जून 2026 को थाना उतरांव क्षेत्र में हुई छिनैती की घटनाओं को भी अंजाम दिया था। इन मामलों में संबंधित थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा बरामद दोनों बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलें भी झूंसी क्षेत्र से चोरी की गई थीं, जिनका उपयोग वारदातों में किया जाता था।

इसे भी जानें- राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को बताया छात्रों की बड़ी जीत

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कुमार सिंह उर्फ सोनू (26 वर्ष) निवासी जालापुर थाना उतरांव, अमन सिंह (24 वर्ष) निवासी मर्दापुर थाना उतरांव तथा अश्वनी भारतीया (22 वर्ष) निवासी मनेठी बेलवा थाना थरवई, कमिश्नरेट प्रयागराज के रूप में हुई है। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और इनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *