किसान घाट पर जुटेंगे किसान नेता सुरक्षा कड़ी, चढ़ूनी हिरासत में किसान संगठनों ने जताया विरोध
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत-अमेरिका प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के विरोध में सोमवार को दिल्ली के किसान घाट पर आयोजित किसान महापंचायत को लेकर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। महापंचायत में शामिल होने जा रहे भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी को हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में हिरासत में लिया। उनके साथ संगठन के कुछ अन्य पदाधिकारियों को भी रोके जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद हरियाणा के कई स्थानों पर किसानों ने विरोध प्रदर्शन किए और कुछ टोल प्लाजा पर धरना दिया।
किसान संगठनों के संयुक्त मंच देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस महापंचायत में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के किसान संगठनों के शामिल होने का दावा किया गया है। किसान नेताओं का कहना है कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से कृषि, डेयरी और पशुपालन क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। दूसरी ओर केंद्र सरकार ने अभी तक इस समझौते पर अंतिम निर्णय की घोषणा नहीं की है और सरकार का कहना है कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखकर ही वार्ता आगे बढ़ा रहा है।
इसे भी देखें- अमरून फूड बूचड़खाने पर गंभीर आरोप, किसान संगठनों ने किया 25 जुलाई को प्रदर्शन का ऐलान
महापंचायत को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर सहित कई सीमावर्ती इलाकों पर बैरिकेडिंग बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस ने भी किसान घाट और आसपास के क्षेत्रों के लिए यातायात परामर्श जारी किया है तथा लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
इसे भी जानें- जंतर मंतर कार्रवाई पर अजय राय का हमला, बोले युवाओं की आवाज दबाना लोकतंत्र के खिलाफ
किसान नेताओं ने आरोप लगाया है कि आंदोलन को रोकने के लिए उनके नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है, जबकि प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। महापंचायत के दौरान बड़ी संख्या में किसानों के दिल्ली पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।




