अनशन के 19वें दिन जंतर मंतर पहुंचीं सपा सांसद
पत्रकार सत्ता
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने गुरुवार को जंतर मंतर पहुंचकर अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और केंद्र सरकार से आंदोलनकारियों के साथ संवेदनशीलता दिखाते हुए बातचीत शुरू करने की अपील की।
डिंपल यादव ने कहा कि लोकतंत्र में संवाद सबसे प्रभावी माध्यम है और सरकार को आंदोलनकारियों की बात सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने जा रहा है और छात्रों तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों को समाजवादी पार्टी संसद में प्रमुखता से उठाएगी।
इसे भी देखें- ज्ञान भारतम् मिशन से संरक्षित होगी पांडुलिपि धरोहर
सोनम वांगचुक का अनशन 19वें दिन में प्रवेश कर चुका है। उनके समर्थन में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों की आवाज लगातार मुखर हो रही है। इसी क्रम में किसान नेता राकेश टिकैत, सपा नेताओं धर्मेंद्र यादव और रागिनी सोनकर ने भी उनसे मुलाकात कर समर्थन व्यक्त किया।
इस बीच दिल्ली उच्च न्यायालय ने वांगचुक के स्वास्थ्य को देखते हुए उनके नियमित चिकित्सकीय परीक्षण के निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने कहा कि किसी भी नागरिक का जीवन महत्वपूर्ण है और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें- मानसून सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी में कांग्रेस
उधर, वांगचुक ने अपने समर्थकों से अपील की है कि वे आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखें और 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च में बड़ी संख्या में शामिल हों। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सरकार की ओर से ठोस पहल होने तक वह अपना अनशन जारी रखेंगे।




