शिक्षकों को मिली बड़ी सौगात, पांच लाख रुपये तक की नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा

जौनपुर में शिक्षकों को मिली पांच लाख रुपये तक की नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा

मुख्यमंत्री शिक्षक चिकित्सा योजना का शुभारंभ, शिक्षकों व कर्मचारियों को वितरित किए गए चिकित्सा कार्ड, अभिभावकों के खातों में सहायता राशि भी भेजी गई

जिला ब्यूरो
जौनपुर। प्रदेश सरकार की शिक्षक कल्याण संबंधी पहल के तहत मुख्यमंत्री शिक्षक नि:शुल्क चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। इस योजना के माध्यम से शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को पांच लाख रुपये तक की नि:शुल्क उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जौनपुर कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में योजना का सीधा प्रसारण देखा गया तथा पात्र लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से प्रति विद्यार्थी बारह सौ रुपये की सहायता राशि भी भेजी गई। इसके साथ ही शिक्षकों और संविदा कर्मियों के सामाजिक सुरक्षा कवच को मजबूत करने के उद्देश्य से एक प्रमुख बैंक के साथ समझौता भी किया गया। स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के चयनित प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों का सम्मान भी किया गया।

इसे भी पढ़े- अमेरिका-ईरान तनाव फिर चरम पर, हमलों से पश्चिम एशिया में बढ़ी चिंता

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी, जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

समारोह में बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, विशेष शिक्षकों, रसोइयों तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड प्रदान किए गए।

इसे भी जाने- राम मंदिर धन गबन मामले पर बोले अनुपम खेर, कहा- कुछ लोगों की गलती से मंदिर की प्रतिष्ठा कम नहीं होती

अपने संबोधन में मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और शिक्षा विभाग से जुड़े सभी कार्मिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना से प्रदेश के लगभग बारह लाख शिक्षक एवं उनके परिवार लाभान्वित होंगे।

उन्होंने कहा कि यह योजना स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में आर्थिक बोझ कम करने के साथ-साथ समय पर बेहतर उपचार सुनिश्चित करेगी। सरकार का उद्देश्य शिक्षा जगत से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि वे पूरी निष्ठा के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।

इसे भी देखें-यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: सरकारी कर्मचारियों के भत्तों में 50% तक बढ़ोतरी

योजना की प्रमुख विशेषताएं

  • शिक्षकों एवं आश्रितों को पांच लाख रुपये तक की नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा।
  • प्रदेश के लगभग बारह लाख शिक्षक और कर्मचारी होंगे लाभान्वित।
  • अभिभावकों के खातों में प्रति विद्यार्थी बारह सौ रुपये की सहायता राशि भेजी गई।
  • शिक्षकों के लिए सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को भी किया गया मजबूत।
  • स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के चयनित प्रधानाचार्यों का सम्मान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *