49 परिवहन सेवाएं हुईं फेसलेस, 3 करोड़ ड्राइविंग लाइसेंस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जारी
लखनऊ, पत्रकार सत्ता ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में डिजिटल गवर्नेंस के तहत परिवहन विभाग की सेवाएं तेजी से ऑनलाइन और नागरिक-केंद्रित बन रही हैं। वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस और टैक्स संबंधी सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर सेवा वितरण को अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया गया है।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, प्रदेश में 5.30 करोड़ (5,30,25,689) पंजीकृत वाहनों का प्रबंधन अब डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जा रहा है। वहीं अब तक करीब 3 करोड़ (2.99 करोड़) ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं।
प्रदेश में 49 परिवहन सेवाएं पूरी तरह फेसलेस और कॉन्टैक्टलेस मोड में उपलब्ध हैं। वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट और टैक्स से जुड़ी अधिकांश सेवाएं अब VAHAN और SARATHI पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती हैं।
इसे भी जाने- पीएम मोदी से मिले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय, विकास और केंद्र-राज्य समन्वय पर हुई चर्चा
सरकार का दावा है कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने से आरटीओ कार्यालयों में पारदर्शिता बढ़ी है, प्रक्रियाएं तेज हुई हैं और नागरिकों को बिना अनावश्यक भागदौड़ के सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। साथ ही तकनीक आधारित व्यवस्था से विभागीय कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनी है।




