पत्रकार सत्ता | जन समस्या | लखनऊ
राजधानी के चंद्रिका देवी रोड स्थित भवानीपुर निवासी मीनाक्षी सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर नया बिजली कनेक्शन जारी करने के एवज में ₹50 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने अपनी शिकायत और संबंधित दस्तावेज पत्रकार सत्ता को भेजकर मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
मीनाक्षी सिंह का कहना है कि उन्होंने मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के झटपट पोर्टल के माध्यम से बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था तथा निर्धारित प्रोसेसिंग शुल्क भी जमा किया। इसके बावजूद उनका आवेदन यह कहते हुए निरस्त कर दिया गया कि संबंधित स्थान पर बिजली लाइन उपलब्ध नहीं है। हालांकि उनका दावा है कि उनके मकान के आगे और पीछे स्थित मकानों में पहले से बिजली कनेक्शन संचालित हैं।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के जेई और उनके अधीन कार्यरत टीजीटी ने बिजली कनेक्शन जारी करने के लिए ₹50 हजार की मांग की। उनका यह भी कहना है कि साढ़ामऊ क्षेत्र के संबंधित जेई द्वारा कनेक्शन की अनुमति दिए जाने के बावजूद उनका आवेदन निरस्त कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- राम मंदिर ट्रस्ट मामले में AAP सांसद संजय सिंह का हमला, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
पत्रकार सत्ता को उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों में बिजली कनेक्शन आवेदन की प्रोसेसिंग फीस जमा करने की रसीद भी शामिल है। हालांकि रिश्वत मांगे जाने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
इसे भी जानें- गाजा पर मोदी सरकार की नीति पर सोनिया गांधी का सवाल, कांग्रेस ने साझा किया लेख
पत्रकार सत्ता इस मामले में संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों का पक्ष भी प्रकाशित करेगा। यदि विभाग अपना स्पष्टीकरण या प्रतिक्रिया भेजना चाहता है तो उसे यथावत प्रकाशित किया जाएगा।
क्या आपके क्षेत्र में भी ऐसी कोई जनसमस्या है?
यदि किसी सरकारी विभाग से जुड़ी समस्या, भ्रष्टाचार, लापरवाही या जनहित का मुद्दा है, तो संबंधित दस्तावेजों और साक्ष्यों के साथ पत्रकार सत्ता को भेजें। तथ्यों की जांच के बाद आपकी आवाज़ को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

