करोड़ों रामभक्तों ने आस्था से चढ़ावा दिया, सरकार संसद में जवाब दे’; चढ़ावे के कथित हेरफेर पर उठाए सवाल
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
नई दिल्ली। राम मंदिर में चढ़ावे के कथित हेरफेर के मुद्दे को लेकर कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने सवाल उठाया कि जब चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी राम मंदिर को पूरे देश का विषय बनाकर राजनीतिक मुद्दा बना रही थी, तब यह राज्य का विषय नहीं था, लेकिन अब चढ़ावे से जुड़े सवाल उठने पर इसे राज्य का विषय बताया जा रहा है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि देश के करोड़ों रामभक्तों ने अपनी आस्था के साथ राम मंदिर में चढ़ावा दिया है। ऐसे में यह केवल किसी एक प्रदेश का विषय नहीं हो सकता। उन्होंने केंद्र सरकार से संसद में इस मामले पर जवाब देने की मांग की।
इसे भी जानें- ‘लापता, भाग गए, भगोड़ा’ के आरोप पर अमित शाह का पलटवार
‘राम मंदिर से राजनीतिक फायदा उठाया, अब जवाब से क्यों बच रही सरकार?’
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का उद्घाटन किया था और वे किसी एक राज्य के नहीं, बल्कि पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब मंदिर के निर्माण और उद्घाटन को देशव्यापी विषय के रूप में प्रस्तुत किया गया, तब अब चढ़ावे से जुड़े सवालों पर इसे केवल राज्य का मामला कैसे कहा जा सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संसद में लोगों के सवालों का जवाब देने से बच रही है। प्रियंका ने कहा कि संसद वह मंच है जहां सरकार को जनता से जुड़े सवालों का जवाब देना और अपना पक्ष रखना चाहिए।
इसे भी देखें- रांची छात्र आंदोलन में अमन चोपड़ा के खिलाफ नारेबाजी, पुलिस ने की पूछताछ
करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मुद्दा बताया
प्रियंका गांधी ने कहा कि राम मंदिर में देशभर से लोगों ने अपनी श्रद्धा के अनुसार दान दिया है। उन्होंने कहा कि गरीब और सामान्य लोगों ने भी यह सोचकर चढ़ावा दिया कि उनका योगदान भगवान राम के मंदिर के लिए है।
उन्होंने कहा कि राम में लोगों की आस्था केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग भगवान राम में विश्वास रखते हैं। ऐसे में चढ़ावे से जुड़े सवालों को केवल राज्य का विषय बताकर संसद में जवाब से बचना उचित नहीं है।
इसे भी जानें- यूपी कांग्रेस में एआईसीसी सचिवों को जोनवार जिम्मेदारी
जांच और जवाबदेही की मांग
राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले में प्रियंका गांधी पहले भी पारदर्शी जांच की मांग कर चुकी हैं। जून में उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या छोटे कर्मचारी अकेले बड़ी रकम की हेराफेरी कर सकते हैं और मामले में बड़े अधिकारियों की संभावित भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
इस मुद्दे पर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। संसद के मौजूदा सत्र में राम मंदिर चढ़ावे का मामला विपक्ष के प्रमुख मुद्दों में शामिल है और विपक्ष सरकार से इस पर स्पष्ट जवाब की मांग कर रहा है।




