नई दिल्ली, (पत्रकार सत्ता ब्यूरो)। देश में अपराध जांच को तकनीकी रूप से अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने CrPI (Criminal Procedure Identification) ऐप विकसित किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह ऐप फेस, आईरिस और डीएनए मैचिंग जैसी बायोमेट्रिक सुविधाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराएगा।
गृह मंत्री ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर बताया कि यह ऐप गिरफ्तार और दोषसिद्ध (Convicted) व्यक्तियों के जैविक माप (Biological Measurements) का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने में मदद करेगा। इसके साथ ही वीडियो एनालिटिक्स की सहायता से अंतरराज्यीय अपराधों की जांच और कार्रवाई को अधिक तेज और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
इसे भी पढ़ें- कांग्रेस का आरोप: ट्रंप के सामने पीएम मोदी ने देश की गरिमा गिराई
उपलब्ध आधिकारिक जानकारी के अनुसार, CrPI प्रणाली का विकास गृह मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने Criminal Procedure (Identification) Act, 2022 के क्रियान्वयन के लिए किया है। पायलट परियोजना के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से राज्यों में लागू किया जा रहा है।
गृह मंत्री के अनुसार देशभर में 2,600 से अधिक नामांकन (Enrollment) इकाइयों के माध्यम से इस ऐप को सभी पुलिस थानों तक पहुंचाया जा रहा है। उनका कहना है कि यह पहल स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।




