STF का ऑपरेशन, परीक्षा माफिया पर बड़ा प्रहार
लखनऊ/प्रयागराज | पत्रकार सत्ता ब्यूरो
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने प्रयागराज के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) नैनी में आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए सॉल्वर गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। STF ने संस्थान के प्रिंसिपल, परीक्षा प्रभारी, अनुदेशकों और सॉल्वरों समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान ₹5.10 लाख नकद और परीक्षा से जुड़े अहम दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
यह भी देखें- बिजनौर सिंचाई घोटाले में 5 इंजीनियरों पर FIR, विजिलेंस ने खोली भ्रष्टाचार की परतें
अभ्यर्थियों की जगह बैठते थे सॉल्वर
STF के अनुसार, गिरोह अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर उनकी जगह दूसरे लोगों को परीक्षा में बैठाता था। सूचना मिलने के बाद STF ने राजकीय आईटीआई नैनी परिसर स्थित कौशल विकास भवन में छापा मारकर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।
ये आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सॉल्वर शिवम कुमार, रणविजय सिंह, जय सिंह, जितेंद्र पटेल और दिलीप कुमार पटेल शामिल हैं। इसके अलावा संस्थान के प्रिंसिपल अशोक कुमार, परीक्षा प्रभारी रवि प्रकाश, अनुदेशक फूल प्रकाश, धीरज कुमार शर्मा और राजेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
इसे भी पढ़ें- अभिजीत दिपके का दावा, भाजपा में शामिल होने की मिल रही धमकी
नकदी और दस्तावेज बरामद
छापेमारी के दौरान STF ने आरोपियों के कब्जे से ₹5.10 लाख नकद, परीक्षा से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। जांच एजेंसी का मानना है कि यह रकम परीक्षा पास कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से वसूली गई थी।
जांच का दायरा बढ़ा
प्रारंभिक पूछताछ में संकेत मिले हैं कि इस फर्जीवाड़े में संस्थान के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की भी भूमिका रही है। STF अब यह पता लगा रही है कि इस नेटवर्क के तार किन-किन जिलों तक फैले हैं और पहले आयोजित परीक्षाओं में भी इसी तरह की अनियमितताएं हुई थीं या नहीं। मामले में सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




