नई दिल्ली, (शबीह हैदर)। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शाहनवाज़ आलम ने 23 जून को नई दिल्ली स्थित संविधान क्लब में प्रस्तावित परिसीमन (Delimitation) और प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों पर सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन ‘हम भारत के लोग’ मंच के बैनर तले आयोजित होगा, जिसमें परिसीमन प्रक्रिया और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
साप्ताहिक ‘स्पीक अप’ कार्यक्रम के दौरान शाहनवाज़ आलम ने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया निष्पक्ष और संवैधानिक सिद्धांतों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि परिसीमन के दौरान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा मुस्लिम बहुल क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाना आवश्यक है।
इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव का भाजपा पर चुनावी हमला, बोले- जनता मंत्रियों को हराएगी
उन्होंने अपने वक्तव्य में उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम की कुछ लोकसभा एवं विधानसभा सीटों का उल्लेख करते हुए कहा कि परिसीमन के प्रभाव को लेकर विभिन्न समुदायों के बीच चिंताएं हैं। साथ ही उन्होंने इन विषयों पर व्यापक सार्वजनिक चर्चा और संवैधानिक समीक्षा की आवश्यकता बताई।
कांग्रेस नेता ने कहा कि 23 जून को होने वाले सम्मेलन में परिसीमन, निर्वाचन क्षेत्रों की संरचना, आरक्षण व्यवस्था और प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों पर विशेषज्ञों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि अपने विचार रखेंगे।




