नौ रेलवे स्टेशनों पर निकाली गई रैली, शपथ और नुक्कड़ नाटक के जरिए यात्रियों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ । पर्यावरण संरक्षण और ई-वेस्ट के उचित प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ मनाया जा रहा है। एक से सात नवम्बर तक चलने वाले इस अभियान के तहत शुक्रवार को मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर शपथ, जागरूकता रैली, पम्पलेट वितरण और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों एवं रेलकर्मियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) महेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत ऐशबाग जंक्शन पर यात्रियों, रेलकर्मियों, सफाई मित्रों और खानपान विक्रेताओं को ई-वेस्ट के पुनः उपयोग, उचित संग्रहण एवं सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मरम्मत कर दोबारा इस्तेमाल करने और ई-वेस्ट को निर्धारित संग्रहण केंद्रों तक पहुंचाने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के लिए 3R यानी उपयोग में कमी, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण की अवधारणा समझाई गई। साथ ही सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने की अपील की गई। इस दौरान जागरूकता पम्पलेट भी वितरित किए गए।
यह भी पढ़ें- आनन्द नगर स्टेशन पर 49 पेंशनभोगियों के बने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र
अभियान के तहत ऐशबाग, लखनऊ जंक्शन, मैलानी, बस्ती, बादशाहनगर, सीतापुर, खलीलाबाद, गोंडा और गोरखपुर रेलवे स्टेशनों पर संविदा सफाई कर्मचारियों ने जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से यात्रियों को ई-वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण और सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी दी गई। स्टेशनों पर बैनर, पोस्टर और यात्री उद्घोषणा प्रणाली के जरिए भी अभियान का प्रचार-प्रसार किया गया।
इस दौरान संविदा सफाई कर्मचारियों को ई-वेस्ट के उचित प्रबंधन और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की शपथ दिलाई गई। खानपान विक्रेताओं को कपड़े के थैले वितरित कर प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर संविदा श्रमिकों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ई-वेस्ट के दुष्प्रभावों, उसके उचित निस्तारण और प्लास्टिक प्रदूषण से बचाव का संदेश दिया।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य रेल परिसरों को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के साथ यात्रियों, रेलकर्मियों एवं आमजन में जिम्मेदार उपभोग और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आदत विकसित करना है। मंडल रेल प्रशासन ने सभी रेल उपयोगकर्ताओं से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।




