बरेली में स्थापित होगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, आधुनिक प्रजनन तकनीक और वैज्ञानिक प्रशिक्षण को मिलेगा बढ़ावा
निर्भय सक्सेना। पत्रकार सत्ता
बरेली। उत्तर प्रदेश में गोवंश सहित अन्य पशुधन की आनुवंशिक गुणवत्ता, दुग्ध उत्पादकता और प्रजनन तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में प्रदेश सरकार ने लीड्स जेनेटिक प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता किया है। पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के प्रयास से पशुपालन विभाग और लीड्स जेनेटिक प्राइवेट लिमिटेड के बीच मंगलवार को लखनऊ में मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते के तहत बरेली में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना है। इसके माध्यम से उन्नत पशु प्रजनन, डेयरी जेनेटिक्स, मूल्य संवर्धन और सर्कुलर इकोनॉमी के क्षेत्र में तकनीकी एवं वैज्ञानिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। हालांकि, प्रस्ताव को धरातल पर लागू करने के लिए प्रदेश कैबिनेट की मंजूरी के बाद करीब तीन से चार माह का समय लगने की संभावना जताई गई है।
इसे भी देखें- पत्रकार सत्ता 16 सितम्बर E-पेपर, 2026 का अंक
बीएल एग्रो ग्रुप की लीड्स जेनेटिक प्राइवेट लिमिटेड, बरेली के चेयरमैन घनश्याम खंडेलवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के पशुपालन विभाग के साथ हुआ यह समझौता प्रदेश में उन्नत पशु प्रजनन और डेयरी जेनेटिक्स के क्षेत्र में नई दिशा तय कर सकता है। वैज्ञानिक एवं आधुनिक प्रजनन तकनीकों के इस्तेमाल से पशुधन की आनुवंशिक क्षमता में सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल सकती है, जिसका लाभ किसानों और पशुपालकों को मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से प्रदेश में आनुवंशिक रूप से बेहतर पशुधन के विकास, आधुनिक प्रजनन तकनीकों के प्रसार और तकनीकी प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही वैज्ञानिक तकनीकों को पशुपालकों तक पहुंचाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
समझौते को प्रदेश के पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र को अधिक उत्पादक, तकनीक सक्षम और टिकाऊ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया जा रहा है। इससे पशुपालकों की दुग्ध उत्पादकता और आय में वृद्धि की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा।
यह भी जानें- EMI के लिए युवक को बंधक बनाने और जबरन खून निकलवाने का आरोप, FIR दर्ज
इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद, निदेशक प्रशासन एवं विकास, डॉ. संगीता तिवारी, निदेशक रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र, बीएल एग्रो ग्रुप के चेयरमैन घनश्याम खंडेलवाल, लीड्स जेनेटिक्स के निदेशक नवनीत रविकर, ब्राजील के पशु प्रजनन वैज्ञानिक डॉ. मार्कोस विनिशियश तथा इंटरनेशनल रिलेशन के निदेशक डॉ. राजेरियो बैरश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बताया गया कि इसी तरह के समझौते के लिए मध्य प्रदेश और बिहार सरकार के साथ भी बातचीत चल रही है।
रिपोर्ट- निर्भय सक्सेना, बरेली ब्यूरो




