प्रयागराज के हंडिया क्षेत्र में सरेशाम वारदात, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी
पत्रकार सत्ता । डिजिटल डेस्क
प्रयागराज। गंगापार के हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व प्रधान पवन यादव की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुगराव गांव निवासी पवन यादव पिलर नंबर 52 के पास कुछ लोगों के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन लोग वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनमें से दो ने हेलमेट पहन रखा था। इसी दौरान पवन यादव को गोली लग गई।
इसे भी जानें-EMI के लिए युवक को बंधक बनाने और जबरन खून निकलवाने का आरोप, FIR दर्ज
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल पवन यादव को उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हमले के कारण का पता लगाने में जुटी पुलिस
घटना के पीछे क्या कारण था और वारदात में कौन लोग शामिल थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- गोवंश भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक से नस्ल सुधार की दिशा में कदम, 15 हजार भ्रूण तैयार करने की योजना
पुलिस की जांच में हमलावरों की पहचान और घटना के कारण का खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से जुटाए जा रहे साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




