अर्चना पांडा ने थाने में दी शिकायत, पुलिस ने दर्ज किया मामला; गुड्डू पंडित ने वीडियो को पुराना बताया
पत्रकार सत्ता। डिजिटल डेस्क
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में डिबाई विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित एक कथित वायरल वीडियो को लेकर विवादों में हैं। वीडियो में एक महिला के साथ मारपीट और उसे बाल पकड़कर घसीटते हुए एक व्यक्ति नजर आ रहा है, जिसे गुड्डू पंडित बताया जा रहा है। महिला की पहचान उनकी पत्नी और कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा के रूप में की गई है।
रिपोर्टों के मुताबिक, अर्चना पांडा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 2 सितंबर को गुड्डू पंडित उनके घर पहुंचे और विवाद के दौरान उन्हें धक्का देकर गिराने के बाद बाल पकड़कर घसीटा और मारपीट की। घटना के दौरान घर में उनका बेटा भी मौजूद था। शोर सुनकर घर के एक कर्मचारी ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, जिसके बाद मारपीट रुकने की बात शिकायत में कही गई है।
इसे भी पढ़ें- पत्रकार सत्ता, 05 सितम्बर E-पेपर, 2026 का अंक
अर्चना पांडा ने अपनी और अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस से गुहार लगाई है। बुलंदशहर के सीओ सिटी प्रखर पांडेय के अनुसार, शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी जानें- बुलंदशहर से हिरासत में लिया गया स्वतंत्र भारद्वाज
हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर गुड्डू पंडित की ओर से अलग दावा सामने आया है। हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो को वर्ष 2025 का पुराना वीडियो बताते हुए इसे बदनाम करने की साजिश करार दिया है। ऐसे में वीडियो की वास्तविक तारीख और पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच महत्वपूर्ण होगी।




