कनाडा में बैठे भोलू शाहपुरिया ने रची थी अंकित बालियान की हत्या की साजिश : DGP

अंकित बालियान हत्याकांड: कनाडा में बैठे भोलू शाहपुरिया पर साजिश का आरोप

गोगी गैंग की भूमिका सामने आई, हत्या की वजह बना गैंग के खिलाफ बनाया गया गाना, दो शूटर एनकाउंटर में ढेर

ज़मीर हैदर। पत्रकार सत्ता
लखनऊ। हरियाणवी सिंगर एवं अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में बताया कि जांच में गोगी गैंग की भूमिका सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, अंकित की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई और वारदात से पहले कई दिनों तक उनकी रेकी की गई थी।

डीजीपी के अनुसार, हत्याकांड की साजिश में कनाडा में बैठा भोलू शाहपुरिया मुख्य भूमिका में सामने आया है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क और विदेश में बैठे साजिशकर्ताओं से जुड़े कनेक्शन की भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक शूटरों को बाहर से हथियार उपलब्ध कराए गए थे और हत्या के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे।

गोगी गैंग के खिलाफ गाने से बढ़ी थी रंजिश

पुलिस जांच में अंकित बालियान की हत्या की वजह भी सामने आने का दावा किया गया है। डीजीपी के अनुसार गोगी गैंग के खिलाफ बनाया गया गाना ही हत्या की मुख्य वजह बना। जांच में यह भी सामने आया कि अंकित की कई दिनों तक रेकी करने के बाद पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार, अंकित ने जितेंद्र गोगी की हत्या के बाद एक ऐसा गाना बनाया था, जिसे लेकर गोगी गैंग से जुड़े लोगों में उसके प्रति रंजिश पैदा हुई। इसी एंगल को हत्या की साजिश की अहम कड़ी माना जा रहा है।

छह लोगों की भूमिका, दो एनकाउंटर में ढेर

एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के मुताबिक हत्याकांड में कुल छह लोगों की भूमिका सामने आई है। इनमें से दो शूटर सुमित और मोहित को सोमवार सुबह शामली में पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अब बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

डीजीपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 11 टीमें लगाई गई थीं। शामली पुलिस के साथ मेरठ और नोएडा पुलिस को भी ऑपरेशन में शामिल किया गया था तथा हरियाणा, हिमाचल और दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय किया गया।

इसे भी पढ़ें- चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, चंद्रशेखर आजाद ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

हथियार और मददगार भी पुलिस के रडार पर

डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि हत्याकांड में शामिल केवल शूटर ही नहीं, बल्कि उन्हें हथियार उपलब्ध कराने, शरण देने और किसी भी तरह मदद करने वालों की भूमिका भी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि यूपी की सीमा से बाहर बैठकर अपराध की साजिश रचने वालों को यह नहीं समझना चाहिए कि कानून उन तक नहीं पहुंचेगा।

पुलिस इस मामले में केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी संपर्क में है। जांच में वैज्ञानिक तरीकों और ह्यूमन इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार शूटरों की पहचान और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।

यह भी जानें- मिर्च पाउडर झोंका, नशीला पदार्थ सुंघाया, फिर मारीं दो गोलियां; धीरेंद्र हत्याकांड में बड़ा खुलासा

एनकाउंटर टीम को दो लाख रुपये का इनाम

डीजीपी ने शामली एनकाउंटर में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। मौके से हथियार और अन्य सामान बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है।

‘बाकी आरोपियों तक जल्द पहुंचेगी पुलिस’

एडीजी अमिताभ यश ने कहा है कि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों और साजिशकर्ताओं की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और बाकी आरोपियों तक जल्द पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

इसे भी देखें- पत्रकार सत्ता, 31 अगस्त E-पेपर, 2026 का अंक

अंकित बालियान की हत्या के बाद सामने आए कथित गैंग कनेक्शन और अब दो शूटरों के एनकाउंटर से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस की आगे की जांच में यह स्पष्ट होगा कि हत्या की साजिश में विदेश में बैठे लोगों की क्या भूमिका थी और बाकी आरोपियों का नेटवर्क किस तरह काम कर रहा था।

रिपोर्ट : ज़मीर हैदर, लखनऊ ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *