नोएडा में स्वाइन फ्लू के 120 मामले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

नोएडा में स्वाइन फ्लू के 120 मामले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

106 नए मरीज मिलने से कुल संख्या 120 पहुंची, 20 ICU बेड रिजर्व; खांसते-छींकते समय मुंह ढकने की सलाह

पत्रकार सत्ता। डिजिटल डेस्क
गौतमबुद्ध नगर। नोएडा और गौतमबुद्ध नगर में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। मंगलवार को सामने आई जानकारी के मुताबिक जिले में स्वाइन फ्लू के 106 नए मरीज मिले हैं, जिससे कुल मामलों की संख्या 120 हो गई है।

बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में तैयारियां तेज कर दी हैं। गंभीर मरीजों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 20 ICU बेड रिजर्व रखे गए हैं। निजी अस्पतालों को भी जरूरी व्यवस्थाएं बनाए रखने और मरीजों के उपचार की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संक्रमण से बचाव के लिए हाथों की स्वच्छता और श्वसन संबंधी सावधानियां बेहद जरूरी हैं।

इसे भी देखें- लखनऊ में हर 4 मिनट में एक शिकार, दो साल में लाखों डॉग बाइट केस

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने, जरूरत पड़ने पर मास्क लगाने, खांसते या छींकते समय मुंह ढकने और हाथों को नियमित रूप से साफ रखने की अपील की है। बुखार, खांसी, जुकाम, नाक बहने या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है। बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने से बचने की भी अपील की गई है।

स्कूलों में भी सतर्कता: स्वाइन फ्लू और डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच गौतमबुद्ध नगर के कई स्कूलों ने अभिभावकों को स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी जारी की है। स्कूलों ने बुखार, खांसी या जुकाम से पीड़ित बच्चों को ठीक होने तक घर पर रखने तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें- RAW Group of Company के भवन में देर रात लगी आग, 8 फायर टेंडर ने संभाला मोर्चा

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मौसम में बदलाव के दौरान मौसमी संक्रमण बढ़ सकते हैं। ऐसे में सावधानी, स्वच्छता और समय पर चिकित्सकीय परामर्श संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण हैं।

रिपोर्ट: ज़मीर हैदर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *