चंद्रशेखर ने योगी सरकार से की बड़ी मांग
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ | नगीना से सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर विशेष घटक योजना (Special Component Plan) से स्थापित मेडिकल कॉलेजों में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) के विद्यार्थियों के लिए पूर्व में लागू विशेष आरक्षण व्यवस्था को दोबारा लागू करने की मांग की है।
30 जुलाई 2026 को भेजे गए पत्र में चंद्रशेखर ने कहा कि पूर्ववर्ती उत्तर प्रदेश सरकार के कार्यकाल में अंबेडकर नगर, जालौन, सहारनपुर और उन्नाव मेडिकल कॉलेजों का निर्माण विशेष घटक योजना के तहत समाज कल्याण विभाग की निधि से कराया गया था। इसी आधार पर इन संस्थानों में SC/ST विद्यार्थियों के लिए विशेष आरक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।
इसे भी पढ़ें- अभिजीत दिपके का दावा, भाजपा में शामिल होने की मिल रही धमकी
उन्होंने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ द्वारा NEET-2025 से जुड़े मामले में इस विशेष आरक्षण व्यवस्था को समाप्त किए जाने के बाद अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के अनेक मेधावी छात्र-छात्राएं इसके लाभ से वंचित हो गए हैं। उनके अनुसार यह केवल सीटों का मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना से जुड़ा विषय है।
चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री से तीन प्रमुख मांगें की हैं। पहली, विशेष आरक्षण व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से दोबारा लागू किया जाए। दूसरी, हाईकोर्ट के निर्णय के खिलाफ सक्षम न्यायालय में प्रभावी अपील दायर की जाए। तीसरी, अंतिम न्यायिक निर्णय आने तक SC/ST विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा के लिए अंतरिम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी छात्र का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित न हो।
पत्र में उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।




