बल्क वेस्ट जनरेटर को दिए पर्यावरण संरक्षण के सुझाव, होटल अतिथि इन में स्वच्छता का दिया गया प्रशिक्षण

होटल अतिथि इन में नगर निगम का स्वच्छता जागरूकता अभियान

चार डिब्बा प्रणाली और प्लास्टिक मुक्त परिसर पर जोर

पत्रकार सत्ता
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत बल्क वेस्ट जनरेटर संस्थानों में जागरूकता अभियान को गति देते हुए जोन-4 के वार्ड-59 स्थित होटल अतिथि इन में विशेष स्वच्छता प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया। कार्यक्रम का संचालन नगर निगम की सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) टीम ने किया।

कार्यक्रम में होटल के किचन स्टाफ, हाउसकीपिंग कर्मचारियों तथा अन्य कर्मियों को स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। अधिकारियों ने चार प्रकार के कचरे को अलग-अलग रखने, चार डिब्बा प्रणाली के प्रभावी उपयोग तथा जैविक और अजैविक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी दी।

इसे भी देखें- आईएचएम में कचरा पृथक्करण पर चला जागरूकता अभियान, चार डिब्बा प्रणाली अपनाने का संदेश

नगर निगम की टीम ने कर्मचारियों को एकल उपयोग प्लास्टिक के पर्यावरण और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया। इसके साथ ही कपड़े, कागज और अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि होटल, रेस्तरां और बड़े संस्थान यदि कचरे का पृथक्करण स्रोत स्तर पर ही सुनिश्चित करें तो पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन सकती है।

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री ने 90 परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास, गाजियाबाद को 868 करोड़ मिले

नगर निगम ने कहा कि स्वच्छ और टिकाऊ शहर के निर्माण में बल्क वेस्ट जनरेटर की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को संस्थागत संस्कृति का हिस्सा बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *