प्रदेश कैबिनेट का बड़ा फैसला | पुलिस, शिक्षा, न्यायालय समेत सभी विभागों के कर्मचारियों को मिलेगा लाभ | कई प्रकार के भत्तों में अधिकतम 50 प्रतिशत तक वृद्धि
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए कई प्रकार के भत्तों में अधिकतम 50 प्रतिशत तक वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
सरकार के अनुसार वर्दी भत्ता, वर्दी नवीनीकरण भत्ता, वर्दी धुलाई भत्ता, गृह विभाग से संबंधित विभिन्न भत्ते, अधीनस्थ न्यायालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के भत्ते, अवकाश यात्रा सुविधा तथा बच्चों की शिक्षा सहायता सहित अनेक मदों में संशोधित दरें लागू की जाएंगी। यह वृद्धि मुख्य सचिव समिति की संस्तुतियों के आधार पर स्वीकृत की गई है।
यह भी पढ़े- वायनाड में फिर तबाही: टनल प्रोजेक्ट साइट पर भूस्खलन, 3 की मौत, कई घायल; CCTV वीडियो ने दहला दिया
इस निर्णय का लाभ गृह (पुलिस) विभाग के अतिरिक्त बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, प्राविधिक शिक्षा विभाग, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, राज्यपाल सचिवालय, उत्तर प्रदेश विधानसभा सचिवालय, विधान परिषद सचिवालय तथा अन्य संबंधित विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को मिलेगा।
इसे भी जानें- उ.प्र. राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय में जुलाई 2026-27 सत्र के प्रवेश शुरू
सरकार का कहना है कि महंगाई और वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लंबे समय से लंबित भत्तों की समीक्षा कर संशोधित दरें लागू की गई हैं। इससे कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ उनके कार्य उत्साह में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
हालांकि विभिन्न भत्तों की नई दरों और विभागवार विस्तृत विवरण का उल्लेख अलग से जारी होने वाले शासना देश में किया जाएगा। संबंधित विभाग अब संशोधित आदेशों के अनुरूप भुगतान की प्रक्रिया पूरी करेंगे।




