भारत ने जीता FIH महिला नेशंस कप, फाइनल में न्यूज़ीलैंड को 2-0 से हराया

FIH महिला नेशंस कप जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम।

पत्रकार सत्ता स्पोर्ट्स डेस्क।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए FIH हॉकी महिला नेशंस कप न्यूज़ीलैंड 2025-26 का खिताब जीत लिया। ऑकलैंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने मेज़बान न्यूज़ीलैंड को 2-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत के साथ भारत ने पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

हॉकी इंडिया ने अपनी आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह अभियान जुझारूपन, आत्मविश्वास और शानदार टीमवर्क का उदाहरण रहा। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया और निर्णायक मुकाबलों में भी दबाव को बखूबी संभाला।

इसे भी पढ़ें- धामपुर में मज़ार की दीवार हटाने के मामले में सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट

पूरे टूर्नामेंट में भारत का प्रदर्शन

भारत ने अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका पर 3-2 की रोमांचक जीत से की। इसके बाद दूसरे लीग मैच में जापान को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की कर ली। अंतिम लीग मुकाबले में उरुग्वे को 3-2 से हराकर भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में तीनों मैच जीतकर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

Read This : अल्फा’ के ट्रेलर ने पार किए 215 मिलियन व्यूज, 3 जुलाई को रिलीज होगी फिल्म

सेमीफाइनल में भारत ने चिली के खिलाफ एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 6-0 से जीत दर्ज की और फाइनल का टिकट हासिल किया। इसके बाद खिताबी मुकाबले में मेज़बान न्यूज़ीलैंड को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

प्रो लीग में वापसी का रास्ता भी खुला

इस खिताबी जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने अगले सत्र की FIH Pro League में स्थान सुनिश्चित कर लिया। यह उपलब्धि भारतीय महिला हॉकी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि प्रो लीग विश्व की शीर्ष अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं में शामिल है।

भारत का टूर्नामेंट रिकॉर्ड

भारत vs अमेरिका 3-2
भारत vs जापान 2-1
भारत vs उरुग्वे 3-2
सेमीफाइनल: भारत vs चिली 6-0
फाइनल: भारत vs न्यूज़ीलैंड 2-0

News Brief

भारत ने जीता FIH महिला नेशंस कप।
फाइनल में न्यूज़ीलैंड को 2-0 से हराया।
भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में रही अपराजित।
सेमीफाइनल में चिली को 6-0 से दी मात।
ग्रुप चरण के तीनों मुकाबले जीते।
भारत ने FIH प्रो लीग में भी बनाई जगह।

🔴 Latest Update

अपडेट समय: 21 जून 2026 | शाम 5.17 pm

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला हॉकी टीम को दी बधाई

भारतीय महिला हॉकी टीम की FIH हॉकी महिला नेशंस कप 2025-26 में ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को गौरवान्वित किया है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा, “भारतीय हॉकी खिलाड़ियों ने देश को गर्व और खुशी का अवसर दिया है। महिला टीम को FIH हॉकी महिला नेशंस कप जीतने पर हार्दिक बधाई। पूरी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। मेरी शुभकामनाएं टीम के साथ हैं। यह जीत देशभर के युवाओं को हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करेगी।”

इससे पहले भारतीय महिला हॉकी टीम ने ऑकलैंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में मेज़बान न्यूज़ीलैंड को 2-0 से हराकर FIH हॉकी महिला नेशंस कप 2025-26 का खिताब अपने नाम किया था। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहते हुए लगातार पांच मुकाबले जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस सफलता के साथ भारतीय टीम ने अगले सत्र की FIH प्रो लीग में भी स्थान सुनिश्चित कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *