मुंबई, (पत्रकार सत्ता ब्यूरो)। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अंतर्गत हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 (1448 हिजरी) के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र भारतीय नागरिक 22 जून 2026 से 20 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, आवेदन आधिकारिक वेबसाइट और HAJ SUVIDHA मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन की समयसीमा समाप्त होने के बाद जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में डिजिटल रैंडम चयन (कुर्रा) किया जाएगा।
चयनित आवेदकों को 10 अगस्त 2026 तक ₹1,52,300 की अग्रिम राशि जमा करनी होगी। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समयसीमा के बाद आवेदन या भुगतान के लिए किसी प्रकार का विस्तार नहीं दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें- जयपुर में इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के विरोध में किसानों का अनोखा प्रदर्शन, ‘M-20, M-50 और M-100 दूध’ से जताया विरोध
आवेदन के लिए मशीन रीडेबल भारतीय पासपोर्ट (फ्रंट एवं बैक पेज), सफेद पृष्ठभूमि वाला पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक अथवा रद्द चेक तथा निवास प्रमाण-पत्र की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। पासपोर्ट आवेदन की अंतिम तिथि तक जारी होना चाहिए तथा उसकी वैधता 31 दिसंबर 2027 तक अनिवार्य है।
हज कमेटी ने यह भी कहा है कि हज सीट रद्द करने से यात्रा प्रबंधन प्रभावित होता है। ऐसे में सीट निरस्त करने पर हज-2027 की गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित शुल्क या जुर्माना लागू होगा।
यह भी जाने- राम मंदिर चढ़ावा विवाद: SIT को लेकर अरविंद केजरीवाल का बड़ा बयान
हज कमेटी ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शहनवास सी. (आईएएस) द्वारा जारी अधिसूचना में यात्रियों से अपील की गई है कि वे सभी पात्रता शर्तों और दिशा-निर्देशों का अध्ययन करने के बाद ही आवेदन करें।
मुख्य बिंदु
- आवेदन शुरू: 22 जून 2026
- अंतिम तिथि: 20 जुलाई 2026 (रात 11:59 बजे)
- डिजिटल कुर्रा: जुलाई 2026 का अंतिम सप्ताह
- अग्रिम राशि जमा करने की अंतिम तिथि: 10 अगस्त 2026
- अग्रिम राशि: ₹1,52,300
- पासपोर्ट की न्यूनतम वैधता: 31 दिसंबर 2027




