जमीन कब्जाने, रंगदारी, डकैती और हत्या समेत कई गंभीर मामलों में थे वांछित, संयुक्त कार्रवाई में सोतीगंज से दबोचे गए आरोपी
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने मेरठ में बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर के कुख्यात गटारू गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को मेरठ के सोतीगंज इलाके से पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सौरभ गुप्ता, गौरव गुप्ता, रोहित बलोना और माज कुरैशी के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जम्मू-कश्मीर में रंगदारी वसूली, डकैती, जमीन पर अवैध कब्जा और हत्या जैसे गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा गैंग के सदस्य एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मुकदमों में भी वांछित थे।
इसे भी पढ़े- पत्रकार सत्ता 03 नवंबर E-पेपर, 2026 का अंक
जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर एसटीएफ मेरठ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। इसके बाद मेरठ के सोतीगंज इलाके में कार्रवाई कर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया गया है।
संयुक्त टीम की इस कार्रवाई को गटारू गैंग के नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों, आपराधिक गतिविधियों और उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
रिपोर्ट- पत्रकार सत्ता, ब्यूरो




