रोटरी बरेली साउथ का 40वां दशहरा मेला 23 से, 25 अक्टूबर को होगा रावण दहन

बरेली में 23 से 40वां रोटरी दशहरा मेला, 25 अक्टूबर को रावण दहन

पत्रकार सत्ता ब्यूरो
बरेली। रोटरी क्लब बरेली साउथ की ओर से 39 वर्षों से चली आ रही दशहरा मेले की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 40वां दशहरा मेला 23 से 25 अक्टूबर तक बरेली क्लब मेला ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। मेले में भारतीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, मनोरंजक कार्यक्रम, आतिशबाजी, लंका दहन और रावण दहन प्रमुख आकर्षण होंगे।

पूर्व मेयर एवं रोटरी क्लब बरेली साउथ के चार्टर अध्यक्ष डॉ. आई.एस. तोमर ने बताया कि दशहरा मेले से प्राप्त आय का उपयोग दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए किया जाता है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोटरी पब्लिक स्कूल का संचालन भी किया जा रहा है, जहां करीब 500 बच्चों को कम शुल्क में उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान की जा रही है।

मेला निदेशक अंकुर बंसल ने बताया कि 23 अक्टूबर को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और ‘डांस बरेली डांस’ सोलो परफॉर्मेंस आयोजित होगी। 24 अक्टूबर को ‘वॉइस ऑफ बरेली’ गायन प्रतियोगिता तथा ‘डांस बरेली डांस’ ग्रुप प्रतियोगिता होगी। 25 अक्टूबर को बेस्ट कपल प्रतियोगिता के साथ बरेली की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ‘मेला क्वीन’ का चयन किया जाएगा।

इसे भी पढ़े- व्यापार और रोजगार को गति देने के लिए केंद्र लागू करे राष्ट्रीय व्यापार सुधार पैकेज : मोहम्मद अरशद खान

क्लब अध्यक्ष रोहित जिंदल ने बताया कि 23 अक्टूबर को मुंबई की सिंगर प्रेरणा रावत और एवी डांस ग्रुप प्रस्तुति देंगे। 24 अक्टूबर को इंडियन आइडल फेम सिंगर भारती गुप्ता एवं उनकी टीम कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी, जबकि 25 अक्टूबर को रहनुमा बैंड अपनी टीम के साथ प्रस्तुति देगा। मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों से कई प्रकार के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

रोटरी के पूर्व मंडल अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि सामाजिक सरोकारों के तहत 24 अक्टूबर को दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की जाएंगी। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना है।

रोटरी के पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. रवि मेहरा ने बताया कि मेले से होने वाली आय से इस बार एलएन-4 प्रोस्थेटिक हाथ लगाने का शिविर भी आयोजित किया जाएगा। दुर्घटना या अन्य कारणों से हाथ गंवा चुके जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब बरेली साउथ ‘नई उम्मीद, नया आत्मविश्वास’ के संकल्प के साथ इस सेवा कार्य को आगे बढ़ा रहा है।

इसे भी जानें- पत्रकार सत्ता 17 अक्टूबर E-पेपर, 2026 का अंक

मेला कोषाध्यक्ष घनश्याम खंडेलवाल ने बताया कि मेले में खानपान के शौकीनों के लिए राजस्थानी, चाइनीज, दक्षिण भारतीय और उत्तर भारतीय व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

क्लब सचिव शिशिर पांडे ने बताया कि मेले के तीनों दिन शानदार आतिशबाजी होगी। इस बार आकाशीय आतिशबाजी का विशेष मुकाबला भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। 24 अक्टूबर को लंका दहन तथा 25 अक्टूबर की रात कुंभकरण, मेघनाद और रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। आतिशबाजी के दौरान बाबा नीम करोली के दर्शन भी कराए जाएंगे।

सह मेला निदेशक नयन अग्रवाल ने बताया कि मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए बड़े आकार की 12 एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। इनके माध्यम से दर्शक मेले के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यक्रमों का आनंद ले सकेंगे।

सह मेला निदेशक अनुराग गोयल ने बताया कि बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष किड्स जोन तैयार किया जा रहा है, जिसमें नए इलेक्ट्रॉनिक झूले लगाए जाएंगे।

रोटरी कम्युनिटी सर्विस सोसायटी के अध्यक्ष अनुपम कपूर ने बताया कि मेले के टिकट और अतिथि पास के साथ सोसायटी की ओर से लकी ड्रॉ कूपन भी दिया जा रहा है। दर्शक अपने कूपन स्टॉल नंबर 2-3 पर जमा कर आकर्षक उपहार जीतने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।

यह भी देखें- बदायूं में गोवंश की मौत पर बड़ी कार्रवाई, दो पशु चिकित्साधिकारी निलंबित; दो बीडीओ के निलंबन की संस्तुति

पत्रकार वार्ता के दौरान रोहित जिंदल, संदीप मेहरा, दिनेश चंद खंडेलवाल, अनुराग गोयल, राकेश धीरवानी, संजय अग्रवाल, अनुपम कपूर, अजय जसोरिया, प्रदीप मधवार, ध्रुव तिलक, हिमांशु कौशिक सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

रिपोर्ट- निर्भय सक्सेना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *